मथुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1.25 करोड़ का गांजा जब्त, तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
मथुरा पुलिस और ANTF ने नेशनल हाईवे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 250 किलो गांजा जब्त किया और तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया।

उत्तर प्रदेश के मथुरा में पुलिस और एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। नेशनल हाईवे पर चलाए गए एक संयुक्त ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने एक कंटेनर से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले में पुलिस ने तीन अंतरराज्यीय तस्करों को दबोचा है, जो नशे की इस खेप को हरियाणा पहुंचाने की फिराक में थे।
ओडिशा से हरियाणा जा रही थी नशे की खेप
यह पूरी कार्रवाई मथुरा के रिफाइनरी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-2 पर हुई। पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक कंटेनर के जरिए भारी मात्रा में गांजा हरियाणा ले जाया जा रहा है, जो मथुरा से होकर गुजरेगा। सूचना मिलते ही मथुरा एसपी श्लोक कुमार और लखनऊ के ANTF एसपी के निर्देशन में रिफाइनरी पुलिस और ANTF आगरा की टीम ने हाईवे पर नाकाबंदी कर दी।
चेकिंग के दौरान हरियाणा नंबर (HR 73 B 2186) का एक संदिग्ध कंटेनर रोका गया। जब पुलिस ने उसकी गहन तलाशी ली, तो एक गुप्त केबिन के अंदर छिपाकर रखा गया 250 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान नूंह मेवात निवासी सतीश कुमार, नासिर और आसिफ के रूप में हुई है। पुलिस ने गांजे के साथ-साथ कंटेनर, मोबाइल फोन और कुछ नकदी भी जब्त की है।
पूछताछ में आरोपी सतीश कुमार ने खुलासा किया कि वे 17 अक्टूबर को खाली कंटेनर लेकर ओडिशा के ब्रह्मपुर गए थे। वहां उन्होंने अपने परिचित जितेंद्र से संपर्क कर रायपंख इलाके से गांजा लोड करवाया। यह खेप उत्तर प्रदेश-हरियाणा बॉर्डर पर शमशेर नाम के व्यक्ति को पहुंचानी थी।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अब पुलिस की टीम ओडिशा के सप्लायर जितेंद्र और हरियाणा के खरीदार शमशेर की तलाश में जुटी है ताकि इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।