मथुरा: पहले बेरहमी से पीटा फिर किया अगवा, लापता पति के लिए पत्नी ने मांगी मदद

मथुरा: पहले बेरहमी से पीटा फिर किया अगवा, लापता पति के लिए पत्नी ने मांगी मदद

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सिहोरा गांव के एक व्यक्ति को कथित तौर पर बेरहमी से पीटने के बाद अगवा कर लिया गया। पिछले चार दिनों से लापता इस व्यक्ति की पत्नी सोनिया अब दर-दर भटककर अपने पति की तलाश कर रही हैं और प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रही हैं।

पीड़िता सोनिया के मुताबिक, यह पूरी घटना शाम करीब 6 बजे की है जब उनके पति घर पर थे। तभी नवनीत, भोला, विष्णु और रवि नाम के चार लोग आए और उन्हें घर से बाहर बुला लिया। आरोप है कि इन लोगों ने उन्हें जबरन एक दुकान पर ले जाकर शराब पिलाई और फिर पाइप से उनके सिर पर हमला कर उन्हें बुरी तरह पीटा।

गनीमत रही कि पीड़ित वहां से किसी तरह बचकर निकलने में कामयाब रहे और अपनी जान बचाने के लिए उन्होंने आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल किया। सोनिया का दावा है कि पुलिस मौके पर पहुंची तो सही, लेकिन उन्होंने केवल थाने आने की बात कहकर उन्हें छोड़ दिया। जैसे ही पीड़ित पुलिस स्टेशन की ओर बढ़ रहे थे, उन्हीं चार आरोपियों ने 10 अन्य लोगों के साथ मिलकर उन्हें दोबारा रोका, पीटा और गाड़ी में डालकर अगवा कर लिया।

ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस स्टेशन का घेराव करने की चेतावनी

इस घटना के बाद से गांव में भारी तनाव है। ग्रामीणों और पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस इस मामले में पर्याप्त जांच नहीं कर रही है और उन्हें केवल धैर्य रखने की सलाह दी जा रही है। आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर अगले 12 घंटों के भीतर खोज अभियान तेज नहीं किया गया, तो वे जुम्नापार पुलिस स्टेशन का घेराव करेंगे और अनिश्चितकालीन प्रदर्शन करेंगे।

पुलिस की जांच में अब तक कुछ अहम सुराग मिले हैं। गांव के सीसीटीवी फुटेज में हमले और अपहरण की तस्वीरें सामने आई हैं। साथ ही, पीड़ित की मोटरसाइकिल जंगल के एक सुनसान इलाके में लावारिस हालत में मिली है। पुलिस अब उनके मोबाइल फोन की तलाश कर रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ सदर वरुण मिश्रा ने बताया कि अपहरण और मारपीट की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। दो आरोपियों की पहचान हो चुकी है और ग्रामीणों के सहयोग से दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Share:

Comments

Leave a comment