मनीष गुप्ता मर्डर केस: 5 साल बाद पूर्व SHO को मिली जमानत, दिल्ली हाई कोर्ट का फैसला
दिल्ली हाई कोर्ट ने गोरखपुर के बिजनेसमैन मनीष गुप्ता मर्डर केस में आरोपी पूर्व SHO जगत नारायण सिंह को 5 साल बाद जमानत दे दी है।

गोरखपुर के चर्चित मनीष गुप्ता मर्डर केस में दिल्ली हाई कोर्ट ने एक बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने इस मामले में आरोपी पूर्व SHO जगत नारायण सिंह को जमानत दे दी है। गौरतलब है कि सिंह पिछले 5 सालों से जेल में बंद थे। यह मामला उस समय का है जब पुलिस टीम ने एक होटल में छापेमारी की थी, जिसके बाद बिजनेसमैन मनीष गुप्ता की मौत हो गई थी।
यह घटना सितंबर 2021 की है, जब रामगढ़ ताल थाने के तत्कालीन SHO जगत नारायण सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गोरखपुर के होटल 'कृष्णालय' में जांच के लिए पहुंची थी। आरोप था कि पुलिस टीम ने मनीष गुप्ता और उनके दोस्तों के साथ मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर केस दिल्ली ट्रांसफर कर दिया गया था और इसकी जांच सीबीआई (CBI) को सौंपी गई थी।
अदालत ने जमानत देते समय इन बातों पर दिया जोर
जस्टिस सचिन दत्ता ने जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए पाया कि आरोपी पिछले 5 वर्षों से हिरासत में है। कोर्ट ने इस बात पर गौर किया कि मामले के सभी मुख्य गवाहों की जांच हो चुकी है और कुछ गवाह अपने बयानों से पलट चुके हैं। बचाव पक्ष के वकील राजीव मोहन और रेहान खान ने दलील दी कि पुलिस टीम एसपी के निर्देश पर त्योहारों के मद्देनजर होटलों की चेकिंग कर रही थी और इस अपराध के पीछे कोई मकसद नहीं था। साथ ही, इस मामले में कोई रिकवरी भी नहीं हुई है।
दूसरी ओर, सीबीआई की ओर से वकील रिपुदमन भारद्वाज ने जमानत का विरोध किया। उन्होंने तर्क दिया कि आरोपी एक पुलिस अधिकारी है और बाहर आने पर वह ट्रायल को प्रभावित कर सकता है। सीबीआई ने अदालत से अनुरोध किया कि इस मुकदमे को समयबद्ध तरीके से जल्द पूरा किया जाए।
बता दें कि इस पूरे मामले में कुल 6 आरोपी हैं, जो सभी पुलिसकर्मी हैं। अन्य सभी आरोपी पहले ही जमानत पर बाहर आ चुके हैं। ट्रायल कोर्ट ने पहले जगत नारायण सिंह की जमानत याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद उन्होंने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।