मैनपुरी: अपनी पसंद से शादी करना चाहती थी बेटी, नाराज पिता ने मारी गोली

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपनी ही 18 वर्षीय बेटी पर गोली चला दी। यह खौफनाक कदम पिता ने तब उठाया जब उसकी बेटी साजिया ने अपनी पसंद के लड़के से लव मैरिज करने की इच्छा जताई। परिवार में शुरू हुआ यह विवाद इतना बढ़ गया कि पिता ने अपनी बेटी की जान लेने की कोशिश की।
घटना मैनपुरी के एलाऊ थाना क्षेत्र के दीवानपुर गांव की है। बताया जा रहा है कि साजिया अपनी मर्जी से शादी करना चाहती थी, लेकिन उसके पिता इस बात के सख्त खिलाफ थे। पिता अपनी पसंद से बेटी का रिश्ता तय करना चाहते थे, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर बहस होती थी। इसी विवाद के बीच पिता ने गुस्से में आकर साजिया को गोली मार दी।
गंभीर हालत में सैफई रेफर, आरोपी पिता गिरफ्तार
गोली लगने के तुरंत बाद लहूलुहान हालत में साजिया को जिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी, जिसके चलते डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सैफई रेफर कर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।