महाराजगंज पुलिस की बड़ी कामयाबी: दिल्ली से रेस्क्यू किया अगवा बच्चा, बलि देने की थी खौफनाक साजिश
महाराजगंज पुलिस ने दिल्ली के कश्मीरी गेट से 2 महीने के बच्चे को रेस्क्यू किया, जिसे अमावस्या पर बलि देने की साजिश रची गई थी।
उत्तर प्रदेश के महाराजगंज में एक दो महीने के मासूम की जिंदगी पर मंडरा रहा खतरा पुलिस की मुस्तैदी से टल गया। थुथीबारी थाना क्षेत्र के रामजीता गांव (रजाबारी टोला) से अगवा किए गए नन्हे विक्की को पुलिस ने दिल्ली के कश्मीरी गेट बस स्टैंड से सुरक्षित बरामद कर लिया है। हैरान कर देने वाली बात यह है कि इस अपहरण के पीछे कोई पैसों का लालच नहीं, बल्कि अमावस्या की रात को बच्चे की बलि देने की एक रूह कंपा देने वाली साजिश थी।
घटना 3 नवंबर 2026 की सुबह की है, जब पूरा परिवार गहरी नींद में सोया था और इसी दौरान किसी ने मासूम विक्की को उठा लिया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी शक्ति मोहन अवस्थी के नेतृत्व में एक विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें SOG, SWAT और सर्विलांस टीमों को लगाया गया। पुलिस ने करीब 100 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें रजाबारी पुल के पास एक महिला बच्चे को ले जाते हुए नजर आई। इसी सुराग ने पुलिस को दिल्ली तक पहुँचाया।
अंधविश्वास के जाल में फंसे आरोपी, नेपाल के तांत्रिक का था प्रभाव
पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 28 वर्षीय सावित्री, उसका दूसरा पति 22 वर्षीय करण कुमार गौतम और सावित्री की 55 वर्षीय मां सरस्वती शामिल हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जो खुलासा किया, उसने सबके होश उड़ा दिए। आरोपियों ने बताया कि वे नेपाल के बैरियाहवा स्थित एक तांत्रिक के प्रभाव में थे।
उनका मानना था कि परिवार में हो रही असमय मौतों को रोकने और लापता परिजनों को खोजने के लिए अमावस्या के दिन एक मासूम की बलि देना जरूरी है। इसी अंधविश्वास के चलते उन्होंने इस खौफनाक साजिश को अंजाम देने की कोशिश की।
बच्चे के सुरक्षित मिलने के बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया और उसे माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। इस चुनौतीपूर्ण अंतरराज्यीय ऑपरेशन को सफलतापूर्वक पूरा करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने टीम को 25,000 रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की है।