लखनऊ के विकास नगर में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में लगी भीषण आग, 5 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू
लखनऊ के विकास नगर स्थित प्रभु प्लाजा में भीषण आग लगी, 5 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

राजधानी लखनऊ के विकास नगर इलाके में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यहां स्थित एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है।
बेसमेंट से उठी आग, मची भगदड़
जानकारी के मुताबिक, आग विकास नगर के 'प्रभु प्लाजा' नामक बिल्डिंग के लोअर बेसमेंट से शुरू हुई थी। चूंकि यह एक कपड़ों का मार्केट है, इसलिए आग फैलने का खतरा काफी ज्यादा था। जैसे ही धुंआ और आग की लपटें दिखीं, परिसर में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया।
लखनऊ के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) अंकुश मित्तल ने बताया कि प्रभु प्लाजा में आग की सूचना मिलते ही तुरंत पांच दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। उन्होंने पुष्टि की कि आग पूरी तरह बुझ चुकी है और स्थिति अब नियंत्रण में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस घटना में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।
वहीं, गाजीपुर एसीपी अतुल कुमार पांडेय ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में स्थिति अब सामान्य है। फायर ब्रिगेड की टीमें सावधानी के तौर पर मौके पर मौजूद रहीं ताकि दोबारा आग न भड़के। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है और इसकी जांच की जा रही है।