लखनऊ: टेकीला क्लब में नकली बारकोड वाली शराब की बिक्री, मालिक समेत 7 गिरफ्तार

राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके विभूति खंड में अवैध शराब की बिक्री का एक बड़ा मामला सामने आया है। आबकारी विभाग की टीम ने समिट बिल्डिंग स्थित लखनऊ टेकीला क्लब छापा मारकर वहां चल रहे फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने क्लब से भारी मात्रा में ऐसी शराब बरामद की है, जिन पर नकली बारकोड लगाए गए थे।
आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि इस क्लब में नियमों को ताक पर रखकर अवैध तरीके से शराब परोसी जा रही है। इस टिप के आधार पर आबकारी निरीक्षक अरविंद पाल बघेल और सेक्टर-5 के निरीक्षक विवेक सिंह ने अपनी टीम के साथ अचानक छापेमारी की। मौके से अधिकारियों ने शराब की 23 बोतलें और बीयर के 53 कैन जब्त किए। जांच में पाया गया कि इन सभी बोतलों और कैन के ढक्कन पर फर्जी बारकोड चिपकाए गए थे ताकि उन्हें असली दिखाया जा सके।
सस्ती शराब बेचकर कमा रहे थे मोटा मुनाफा
पुलिस और आबकारी विभाग की पूछताछ में यह चौंकाने वाली बात सामने आई कि क्लब संचालक सस्ते दामों पर घटिया शराब खरीदते थे और फिर उन पर फर्जी लेबल और बारकोड लगाकर उन्हें ग्राहकों को महंगे दामों पर बेचते थे। इस तरह वे ग्राहकों को धोखा देकर भारी मुनाफा कमा रहे थे।
इस पूरे खेल में शामिल क्लब के मालिक और मैनेजर समेत कुल सात लोगों को हिरासत में लिया गया है। आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। विभूति खंड पुलिस ने सभी सात आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम और धोखाधड़ी की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।