लखनऊ के सहारा एस्टेट में भीषण आग, पार्किंग एरिया से उठा धुएं का गुबार
लखनऊ के सहारा एस्टेट के मुख्य गेट के पास पार्किंग में भीषण आग लगी, आसमान में उठा धुएं का गुबार। दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

राजधानी लखनऊ के सहारा एस्टेट में उस समय हड़कंप मच गया जब मुख्य गेट के पास स्थित पार्किंग एरिया में अचानक भीषण आग लग गई। शाम करीब 6:30 बजे लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग इतनी भयानक थी कि आसमान में धुएं का काला गुबार करीब एक किलोमीटर की ऊंचाई तक पहुंच गया, जिसे दूर-दूर से देखा जा सकता था।
दमकल की तीन गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। सबसे पहले गोमती नगर फायर स्टेशन से एक यूनिट ने मोर्चा संभाला, जिसके बाद गोमती नगर से ही एक और दमकल गाड़ी और हजरतगंज से एक अतिरिक्त फायर टेंडर को मौके पर भेजा गया। कुल तीन दमकल गाड़ियों ने मिलकर आग पर काबू पाने के लिए मोर्चा संभाला और लगातार पानी की बौछारें की गईं।
राहत की बात यह है कि दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को फैलने से रोकने की कोशिश की गई। हालांकि, अभी तक इस हादसे में किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। मौके पर बचाव और राहत कार्य अभी भी जारी हैं। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, जिसकी जांच की जा रही है।