लखनऊ: सहारा सिटी के मुख्य गेट के पास भीषण आग, आसमान में उठा धुएं का गुबार
लखनऊ के गोमती नगर स्थित सहारा सिटी के मुख्य गेट के पास पार्किंग में भीषण आग लगी। 12 दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया।

राजधानी लखनऊ के गोमती नगर इलाके से एक डराने वाली खबर सामने आई है, जहां सहारा सिटी के मुख्य गेट के पास स्थित पार्किंग एरिया में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि आसमान में एक किलोमीटर दूर तक धुएं का काला गुबार देखा गया, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और लोग घबरा गए।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग तुरंत हरकत में आया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) अंकुश मित्तल के मुताबिक, उन्हें शाम करीब 6:30 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर तुरंत 12 से ज्यादा दमकल गाड़ियां भेजी गईं।
दमकल कर्मियों ने समय रहते पाया काबू
अग्निशमन अधिकारियों ने बताया कि जिस परिसर में आग लगी थी, वह अंदर से पूरी तरह बंद था, जिससे शुरुआती दौर में चुनौती बढ़ गई थी। हालांकि, दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया और इसे कॉम्प्लेक्स के अंदर फैलने से रोक लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है।
गौरतलब है कि इसी महीने कानपुर के राधिका अपार्टमेंट्स की पार्किंग में भी ऐसी ही एक दर्दनाक घटना हुई थी, जिसमें आग और धुएं के कारण एक महिला और 15 साल के बच्चे की जान चली गई थी। लखनऊ की इस घटना ने एक बार फिर रेजिडेंशियल इलाकों में अग्नि सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की जरूरत को उजागर किया है।