शिवा शर्मा डेथ केस: मुख्य संदिग्ध श्रद्धा दुबे की तलाश में लखनऊ पुलिस ने रायबरेली में मारा छापा

शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के हाई-प्रोफाइल मामले में लखनऊ पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इस मामले की मुख्य संदिग्ध श्रद्धा दुबे की तलाश में पुलिस की एक टीम सोमवार को रायबरेली पहुंची, जहां उसने दुबे के निवास पर छापेमारी की। यह छापेमारी शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के रामजीपुरम इलाके में की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
एसएचओ के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने श्रद्धा दुबे के घर पर उसके पिता एसपी दुबे और सौतेली मां से लंबी पूछताछ की। बताया जा रहा है कि यह पूरी पूछताछ घर के एक बंद कमरे में हुई। हालांकि, स्थानीय प्रशासन की ओर से अभी तक इस छापेमारी पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि पुलिस श्रद्धा के ठिकानों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
10 टीमें तैनात, फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस को इनपुट मिले थे कि श्रद्धा दुबे हाल ही में रायबरेली आई थी, जहां से उसने अपनी प्राथमिक शिक्षा पूरी की है। हालांकि, पुलिस ने अभी इस बात की पुष्टि नहीं की है। इस केस की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने करीब 10 विशेष टीमों को मैदान में उतारा है, जो संदिग्धों की धरपकड़ में जुटी हैं।
पुलिस केवल श्रद्धा दुबे ही नहीं, बल्कि उसकी बहन और इस मामले से जुड़े दो अन्य सहयोगियों की भी तलाश कर रही है। घटना के बाद से ही श्रद्धा फरार चल रही है और पुलिस की टीमें लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि रायबरेली में हुई इस कार्रवाई से पुलिस को कोई बड़ा सुराग मिल सकता है।