लखनऊ नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, बिना लाइसेंस डॉग पालने वालों पर लगाया भारी जुर्माना
लखनऊ नगर निगम ने बिना लाइसेंस डॉग पालने वालों के खिलाफ अभियान चलाया, कई लोगों पर भारी जुर्माना लगाया गया।

अगर आप भी लखनऊ में रहते हैं और अपने घर में पालतू कुत्ता रखते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। लखनऊ नगर निगम डॉग लाइसेंस के नियमों को लेकर अब काफी सख्त हो गया है। शहर के अलग-अलग इलाकों में नगर निगम की टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें बिना रजिस्ट्रेशन के डॉग पालने वाले लोगों की शामत आ गई।
नगर निगम की टीमों ने जोन 2, 4 और 5 में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान कई ऐसे लोग मिले जिन्होंने अपने पालतू कुत्तों का रजिस्ट्रेशन नहीं कराया था। अधिकारियों ने सख्ती दिखाते हुए सात लोगों पर कुल 35,000 रुपये का जुर्माना ठोंका। वहीं, कुछ लोग मौके पर ही अपनी गलती सुधारते नजर आए और सात नए लाइसेंस तुरंत जारी किए गए। इस पूरी कार्रवाई के बाद जुर्माने और लाइसेंस फीस मिलाकर कुल 42,000 रुपये नगर निगम के खजाने में जमा हुए।
घरों में छिपने की कोशिश, बिल्लियों पर भी जुर्माना
हैरानी की बात यह रही कि जब नगर निगम की टीम चेकिंग के लिए पहुंची, तो कई लोग अपने पालतू जानवरों के साथ घर के अंदर छिप गए ताकि वे जुर्माने से बच सकें। आंकड़ों की बात करें तो लखनऊ में करीब 10,000 पालतू कुत्ते होने का अनुमान है, लेकिन इनमें से केवल 3,400 के पास ही आधिकारिक लाइसेंस है। इसका मतलब है कि शहर में हजारों कुत्ते बिना रजिस्ट्रेशन के पाले जा रहे हैं।
नगर निगम ने यह भी साफ कर दिया है कि यह सख्ती सिर्फ कुत्तों तक सीमित नहीं है। अब पालतू बिल्लियों के लिए भी लाइसेंस अनिवार्य कर दिया गया है। यदि कोई व्यक्ति बिना लाइसेंस के बिल्ली पालता है, तो उस पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
नगर निगम ने आम जनता से अपील की है कि वे समय रहते अपने पालतू जानवरों का पंजीकरण करा लें। लाइसेंस बनवाने के लिए लोगों को दफ्तरों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है, वे इसे ऑनलाइन या सीधे नगर निगम कार्यालय जाकर आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।