लखनऊ इंटर-स्कूल ताइक्वांडो चैंपियनशिप: सनराइज एकेडमी ने जीता पहला स्थान
लखनऊ के राजाजीपुरम में आयोजित दूसरी इंटर-स्कूल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में सनराइज एकेडमी ने मारी बाजी। 400 से ज्यादा खिलाड़ियों ने दिखाया दम।

राजधानी लखनऊ के राजाजीपुरम स्थित मिनी स्टेडियम में शनिवार को खेल और अनुशासन का शानदार संगम देखने को मिला। यहाँ आयोजित 'दूसरी लखनऊ ओपन इंटर-स्कूल ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026' में शहर के विभिन्न स्कूलों और अकादमियों के करीब 400 से अधिक एथलीटों ने अपना दमखम दिखाया। सनराइज ताइक्वांडो के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें सनराइज ताइक्वांडो एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप में पहला स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता की शुरुआत क्षेत्रीय पार्षद शिवपाल सवरिया और उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष व सचिव राजकुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। वहीं, समापन समारोह की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक अरमान खान ने की, जहाँ खेल जगत की कई जानी-मानी हस्तियां और जन प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस चैंपियनशिप में सनराइज ताइक्वांडो एकेडमी के बाद लखनऊ ताइक्वांडो एकेडमी दूसरे और अल-हुदा स्कूल के खिलाड़ी तीसरे स्थान पर रहे।
युवाओं में आत्मरक्षा और फिटनेस को बढ़ावा
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं के बीच अनुशासन, खेल भावना, आत्मरक्षा और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देना था। प्रतियोगिता के दौरान सेंट अंजनी स्कूल की मैनेजर तरु सक्सेना और भाजपा उत्तर प्रदेश की मीडिया सह-संयोजक चारु मिश्रा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। लखनऊ ताइक्वांडो क्लब के अभिषेक चौधरी और HDRS स्पोर्ट्स एकेडमी के सचिव आशीष सिंह जैसे कोचों ने भी इस बात पर जोर दिया कि ऐसे आयोजनों से उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सही मंच मिलता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन सचिव बिलाल खान, आयोजन अध्यक्ष मुख्तार अहमद और आयोजन अध्यक्ष मौसिन खान की अहम भूमिका रही। इस मौके पर उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के संयुक्त सचिव मोहित कुमार भी उपस्थित थे। आयोजकों ने सभी प्रतिभागी स्कूलों, अकादमियों और कोचों का आभार व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।