लखनऊ के ईवी शोरूम में भीषण आग, धमाकों से दहला गोला बाजार; कई गाड़ियां जलकर राख

राजधानी लखनऊ के गोला बाजार इलाके में बुधवार की रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) शोरूम में भीषण आग लग गई। सदर कैंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 'सरला एंड संस' शोरूम में लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन शोरूम में खड़ी कई महंगी इलेक्ट्रिक गाड़ियां जलकर खाक हो गईं।
घटना बुधवार रात करीब 8:15 बजे की है। बताया जा रहा है कि शोरूम मालिक विमल यादव की इस दुकान में एक ई-स्कूटर चार्जिंग पर लगा था, तभी अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि शोरूम में रखी बैटरी एक के बाद एक फटने लगीं, जिससे जोरदार धमाके हुए। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि पास ही स्थित ओम प्रकाश की बर्तनों की दुकान तक भी पहुंच गईं। खतरे को देखते हुए आसपास के दुकानदारों और लोगों को तुरंत बाहर निकाला गया।
दमकल की 8 गाड़ियों ने पाया काबू
आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर सर्विस ऑफिसर (FSO) मामचंद बड़गुजर के मुताबिक, रात 8:27 बजे सूचना मिली थी, जिसके बाद पहले तीन और फिर कुल आठ दमकल गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
चीफ फायर ऑफिसर (CFO) अंकुश मित्तल ने बताया कि शुरुआती जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट नजर आ रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही असल वजह साफ होगी। वहीं, कैंट पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर घटनास्थल के एक किलोमीटर के दायरे में बैरिकेडिंग कर दी थी, जिससे कुछ समय के लिए ट्रैफिक बाधित रहा। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त शोरूम के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।