लखनऊ में कैश लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, STF ने 6 बदमाशों को दबोचा
यूपी एसटीएफ ने लखनऊ में कैश ले जाने वालों को निशाना बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये बरामद किए हैं।

राजधानी लखनऊ में कैश ले जाने वाले व्यापारियों और उनके कर्मचारियों को निशाना बनाने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का यूपी एसटीएफ (STF) ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गैंग के मास्टरमाइंड समेत छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो शहर में बड़ी लूट की वारदातों को अंजाम देकर फरार चल रहे थे। यह पूरी कार्रवाई गोमती नगर इलाके में सहारा पुल के पास क्रिकेट एकेडमी गेट के समीप की गई।
पकड़े गए आरोपियों में गिरोह का सरगना दिनेश चंद्र यादव उर्फ 'छोटू' शामिल है। उसके साथ ही सौरभ यादव, अमन (रमन यादव), सौरभ दीक्षित, मोहित कनोजिया और बिहार के बेगूसराय का रहने वाला ज्ञान सिंह भी पुलिस की गिरफ्त में है। एसटीएफ ने इनके पास से 48.45 लाख रुपये नकद, एक अवैध पिस्टल, दो कारतूस, सात मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल एक मारुति बलेनो कार और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
एसटीएफ की जांच में सामने आया कि यह गैंग मुख्य रूप से मसाला और कृषि व्यापारियों के लिए काम करने वाले उन लोगों को टारगेट करता था, जो स्कूटर पर कैश ले जाते थे। गिरोह का एक सदस्य अमृत लाल पाल पहले से ही रेकी करता था और पीड़ितों के आने-जाने के समय और रास्ते की पूरी जानकारी जुटाता था। इसके बाद, आरोपी अपनी कार से स्कूटर सवारों को टक्कर मारते थे और फिर पिस्टल व लोहे की रॉड के दम पर डरा-धमकाकर उनके कैश बैग लूट लेते थे।
गिरफ्तार बदमाशों ने लखनऊ में कई बड़ी लूट की वारदातों को कबूल किया है। इनमें 2 मई को विराजखंड सब्जी मंडी के पास 22 लाख, 3 जुलाई को विराजखंड में 45 लाख, 3 सितंबर को मेयो अस्पताल के पास 80 लाख और 24 अक्टूबर को आशियाना के सेक्टर-जी में 1.55 करोड़ रुपये की लूट शामिल है।
पुलिस के मुताबिक, दिवाली से पहले लूटी गई रकम को आपस में बांटने और अगली साजिश रचने के लिए ये सभी आरोपी गोमती नगर में इकट्ठा हुए थे, तभी एसटीएफ ने जाल बिछाकर इन्हें धर दबोचा। फिलहाल गोमती नगर पुलिस स्टेशन में इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।