लखनऊ: बिजनेसमैन शिवा शर्मा की हत्या से पहले दी गई रूह कंपाने वाली प्रताड़ना, पुलिस का खुलासा
लखनऊ में बिजनेसमैन शिवा शर्मा की हत्या से पहले उन्हें जिस तरह प्रताड़ित किया गया, उसकी सच्चाई जानकर आप दंग रह जाएंगे। पढ़ें पूरी खबर।

राजधानी लखनऊ में बिजनेसमैन शिवा शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान ऐसे खुलासे हुए हैं, जिन्हें सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। लखनऊ बिजनेसमैन मर्डर केस की तफ्तीश में सामने आया है कि मौत से पहले शिवा शर्मा को न केवल मानसिक रूप से तोड़ा गया, बल्कि उन्हें बेहद शर्मनाक स्थितियों में डालकर प्रताड़ित किया गया।
पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई है कि मुख्य आरोपी श्रद्धा ने शिवा शर्मा को बेहद अपमानजनक स्थिति में डाला था। आरोप है कि श्रद्धा ने शिवा को जबरन कपड़े उतारने पर मजबूर किया और अपनी बहन रश्मि, आमिर और ड्राइवर दानिश के सामने उनसे डांस करवाया। इतना ही नहीं, इस दौरान आरोपियों ने उनके शरीर पर लिपस्टिक लगाकर उनका मजाक उड़ाया और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।
दहशत फैलाने के लिए रसूख का इस्तेमाल
पुलिस की अलग-अलग पूछताछ में श्रद्धा ने कबूला कि वह अक्सर शिवा शर्मा से अपने पैर दबवाती थी। वह उन्हें डराने-धमकाने के लिए अपनी और कुछ बड़े अधिकारियों की तस्वीरें भी दिखाती थी, ताकि शिवा खुद को लाचार महसूस करें और उसके दबाव में रहें।
जांच में यह भी पता चला है कि श्रद्धा रोजाना किसान बाजार के एक कैफे में जाती थी, जहां वह हुक्का पीती थी और नए शिकार तलाशती थी। इस मामले में श्रद्धा की गिरफ्तारी के बाद से उस कैफे का संचालक फरार है, जिसकी तलाश पुलिस को है। फिलहाल, लखनऊ पुलिस ने चारों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहराई से जांच कर रही है।