लखनऊ: इन्फ्लुएंसर की प्रताड़ना से बिजनेसमैन की संदिग्ध मौत, परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

राजधानी लखनऊ के बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट में रहने वाले बिजनेसमैन शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। परिवार का दावा है कि शिवा अपनी मौत से पहले एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रद्धा दुबे की प्रताड़ना और मानसिक दबाव से बुरी तरह टूट चुके थे। चौथे फ्लोर पर मिली उनकी लाश ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिसके बाद अब परिवार ने इन्फ्लुएंसर पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिवा के परिजनों के मुताबिक, वह पिछले कुछ समय से भारी तनाव में थे। आरोप है कि श्रद्धा दुबे उनकी रियल-टाइम लोकेशन पर नजर रखती थीं और वह जहां भी जाते, वहां पहुंचकर विवाद शुरू कर देती थीं। इस वजह से शिवा का सामान्य जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया था।
स्नैपचैट से शुरू हुई दोस्ती और फिर शुरू हुआ मानसिक शोषण
शिवा के साले ऋषि ने बताया कि करीब तीन-चार महीने पहले श्रद्धा दुबे ने स्नैपचैट पर शिवा को रिक्वेस्ट भेजी थी, जिसके बाद दोनों की जान-पहचान हुई। लेकिन यह रिश्ता जल्द ही तनावपूर्ण हो गया। ऋषि का कहना है कि एक महीने के भीतर ही शिवा को अहसास होने लगा कि उनका शोषण किया जा रहा है। श्रद्धा के इंस्टाग्राम प्रोफाइल और उनके व्यवहार को देखकर शिवा को संदेह हुआ कि वह अन्य लोगों के साथ भी संपर्क में हैं, जिसके बाद उन्होंने दूरी बनानी शुरू कर दी।
शिवा की मां रंजना शर्मा ने बेहद दर्दनाक आरोप लगाते हुए कहा कि श्रद्धा उनके बेटे के जीवन पर पूरी तरह नियंत्रण करना चाहती थीं। यहाँ तक कि वह शिवा को यह तक बताती थीं कि उन्हें क्या पहनना है और क्या खाना है। परिवार का कहना है कि शिवा इस जहरीले रिश्ते से बाहर निकलना चाहते थे, लेकिन श्रद्धा उन्हें जेल भेजने की धमकी देकर डराती रहती थीं।
परिजनों का मानना है कि इसी निरंतर मनोवैज्ञानिक दबाव और डर की वजह से शिवा गहरे मानसिक तनाव में चले गए, जिसने अंततः इस दुखद मोड़ का रूप ले लिया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और औपचारिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और परिस्थितियों का खुलासा हो पाएगा।