लखनऊ एयरपोर्ट के लेबर रूम में लगी भीषण आग, धूएं के गुबार से मचा हड़कंप

लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026 को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब वहां स्थित लेबर हाउसिंग यूनिट (लेबर रूम) में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी जबरदस्त थी कि आसमान में काले धुएं के गुबार कई किलोमीटर दूर से ही दिखाई दे रहे थे, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि यह हाउसिंग फैसिलिटी पीवीसी पैनल से बनी हुई थी, जिस वजह से आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और तेजी से पूरी यूनिट में फैल गई। जैसे ही हादसे की खबर मिली, एयरपोर्ट सुरक्षाकर्मी और सरोजिनी नगर पुलिस स्टेशन के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे।

दमकल विभाग की तत्परता से टला बड़ा हादसा

आग की गंभीरता को देखते हुए फायर विभाग ने तुरंत कार्रवाई की और मौके पर सात दमकल गाड़ियां भेजी गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। फायर स्टेशन प्रभारी सुमित सिंह ने पुष्टि की है कि आग को नियंत्रित कर लिया गया है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और सभी सुरक्षित हैं। फिलहाल प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि आग लगने की असली वजह क्या थी और संपत्ति को कितना नुकसान पहुंचा है।

Share:

Comments

Leave a comment