हाई कोर्ट बेंच की मांग: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के काशी टोल प्लाजा पर वकीलों का भारी हंगामा
हाई कोर्ट बेंच की मांग को लेकर 'न्याय यात्रा' निकाल रहे वकीलों ने काशी टोल प्लाजा पर जमकर हंगामा किया और बैरियर हटाकर गाड़ियां निकालीं।

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हाई कोर्ट बेंच की मांग को लेकर 'न्याय यात्रा' निकाल रहे वकीलों ने काशी टोल प्लाजा पर जमकर हंगामा किया। मामला तब बिगड़ गया जब टोल कर्मियों ने वकीलों के काफिले से टोल टैक्स मांगे, जिसके बाद बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
गुस्साई वकीलों की टोली ने न केवल टोल कर्मियों के साथ तीखी नोकझोंक की, बल्कि वहां लगे बूम बैरियर को हटाकर बिना भुगतान किए अपने वाहनों को आगे निकाल लिया। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान सड़क पर यातायात बाधित रहा और काफी देर तक गहमागहमी बनी रही। इस काफिले में मेरठ बार एसोसिएशन के सचिव परवेज आलम भी मौजूद थे।
कल फिर होगा प्रदर्शन, टोल फ्री करने की चेतावनी
वकीलों का यह विरोध प्रदर्शन उनकी पुरानी मांग को लेकर है, जिसमें वे अपने क्षेत्र के लिए हाई कोर्ट की बेंच चाहते हैं। इस विवाद के बाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुज शर्मा ने कड़ा रुख अपनाते हुए ऐलान किया है कि बुधवार को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक काशी टोल प्लाजा को 'टोल फ्री' कर दिया जाएगा।
वकीलों की इस चेतावनी के बाद अब प्रशासन और टोल प्रबंधन की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि यदि कल दोबारा ऐसा प्रदर्शन होता है तो एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक का दबाव और ज्यादा बढ़ सकता है।