शाहजहाँपुर: वक्फ की जमीन पर कब्जा कर काट रहे प्लॉट, डीएम से शिकायत

उत्तर प्रदेश के शाहजहाँपुर जिले में भू-माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। जलाबाद तहसील के सिकंदरपुर अफगान इलाके में सरकारी वक्फ बोर्ड की जमीन पर अवैध कब्जे और बिना अनुमति के प्लॉटिंग किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस पूरे खेल की जानकारी देते हुए पीड़ित राजेंद्र कुमार शुक्ला ने जिला मजिस्ट्रेट (DM) को एक औपचारिक शिकायत सौंपी है, जिसमें प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए हैं।
शिकायत के मुताबिक, रमेश चंद्र (उर्फ चंदन), मनीष कालरा और श्रवण कुमार नामक लोग इस अवैध कारोबार में शामिल हैं। आरोप है कि ये लोग गाटा संख्या 92 की कृषि भूमि पर अवैध तरीके से प्लॉटिंग कर रहे हैं। हद तो तब हो गई जब अपने निजी प्लॉटों तक रास्ता बनाने के लिए इन भू-माफियाओं ने गाटा संख्या 98 की सरकारी वक्फ बोर्ड की जमीन पर कब्जा कर लिया और वहां सड़क बना डाली।
बिना कागजों के बिक रहे प्लॉट, प्रशासन मौन
मामले की गंभीरता इस बात से पता चलती है कि इन भू-माफियाओं ने कृषि भूमि को गैर-कृषि भूमि में बदलने के लिए जरूरी 'धारा 80' की मंजूरी तक नहीं ली है। शिकायतकर्ता का कहना है कि जिस जगह पर प्लॉट बेचे जा रहे हैं, वहां न तो जल निकासी की व्यवस्था है और न ही पक्की सड़कें, फिर भी लोगों को झांसा देकर प्लॉट की बिक्री धड़ल्ले से जारी है।
शिकायत में स्थानीय प्रशासन और तहसील अधिकारियों की भूमिका पर भी बड़ा सवाल खड़ा किया गया है। यह सवाल उठाया गया है कि आखिर इतने बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण और सरकारी जमीन पर कब्जा कैसे हो गया? क्या अधिकारियों की लापरवाही है या फिर इस खेल में उनकी मिलीभगत है?
अब पीड़ित ने जिला मजिस्ट्रेट से मांग की है कि इस पूरे मामले की गहन जांच कराई जाए और वक्फ संपत्ति पर किए गए अवैध कब्जे को हटाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।