लखीमपुर खीरी: गौशाला में मिली भारी लापरवाही, डीएम ने VDO को किया सस्पेंड
लखीमपुर खीरी के डीएम ने लोहन्ना गौशाला के निरीक्षण के दौरान भारी लापरवाही पाई, जिसके बाद ग्राम विकास अधिकारी को सस्पेंड कर दिया गया है।

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में पशुओं की देखभाल में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर प्रशासन ने कड़ा एक्शन लिया है। जिला मजिस्ट्रेट (DM) अंजनी कुमार सिंह ने जब ग्राम पंचायत तेंदुआ के लोहन्ना गौशाला का औचक निरीक्षण किया, तो वहां की बदहाली देखकर वह दंग रह गए। व्यवस्थाओं में गंभीर खामियां मिलने के बाद डीएम ने तत्काल प्रभाव से ग्राम विकास अधिकारी (VDO) धर्मेंद्र कुमार वर्मा को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
जलभराव और चारे की कमी पर डीएम सख्त
निरीक्षण के दौरान डीएम ने पाया कि गौशाला के एक हिस्से में काफी जलभराव है, जिससे पशुओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को खतरा बना हुआ था। उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव वाले क्षेत्र से पशुओं को हटाकर सुरक्षित और ऊंचे स्थान पर शिफ्ट किया जाए। साथ ही, ग्राम निधि के माध्यम से मिट्टी डलवाकर उस जगह को ठीक करने का आदेश दिया, ताकि भविष्य में ऐसी समस्या न हो। इस पूरे कार्य की निगरानी की जिम्मेदारी सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को सौंपी गई है।
पशुओं के खान-पान को लेकर भी डीएम ने अधिकारियों की क्लास लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गौशाला में चारे का पर्याप्त भंडारण हो और हरे चारे की उपलब्धता निरंतर बनी रहे। इसके अलावा, साफ-सफाई और रखरखाव में सुधार करने के आदेश देते हुए उन्होंने कहा कि सभी कमियों को तुरंत दूर किया जाए।
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने ग्राम पंचायत प्रशासक और अधिकारी को कड़ी फटकार लगाते हुए चेतावनी दी कि पशुओं की सुरक्षा और देखभाल में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि जो भी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रहेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस निरीक्षण के दौरान मितौली एसडीएम संतदास पवार सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।