लखनऊ में मल्लिकार्जुन खड़गे का 'संविधान रक्षा' मार्च आज, 2027 चुनाव से पहले कांग्रेस की बड़ी तैयारी
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आज लखनऊ में 'संविधान रक्षा' मार्च का नेतृत्व करेंगे। जानें इस बड़े आंदोलन का मकसद और पूरा प्लान।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ आज राजनीतिक हलचल का केंद्र बनने जा रही है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आज लखनऊ में पार्टी के 'संविधान रक्षा' मार्च का नेतृत्व करेंगे। संविधान दिवस के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर प्रदेश की राजधानी में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' के आवास के बाहर इस मार्च के बड़े-बड़े पोस्टर लगाए गए हैं, जो कार्यकर्ताओं में जोश भर रहे हैं।
कांग्रेस ने इस अभियान के तहत देशभर के सभी राज्यों में विशाल 'संविधान रक्षा मार्च' निकालने का फैसला किया है। लखनऊ में होने वाला यह मार्च न केवल प्रतीकात्मक है, बल्कि इसे 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले एक बड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
संविधान की रक्षा और वोटर लिस्ट में धांधली का मुद्दा
एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि यह मार्च बाबा साहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर या महात्मा गांधी की प्रतिमा से शुरू होगा। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना (Preamble) पढ़ेंगे और न्याय, स्वतंत्रता, समानता व बंधुत्व के मूल्यों को दोहराते हुए संविधान की रक्षा की शपथ लेंगे।
इस मार्च के साथ-साथ कांग्रेस 'वोट रक्षक' अभियान भी चला रही है। इसके तहत कार्यकर्ता हर पोलिंग बूथ तक पहुंचेंगे ताकि उन मतदाताओं की पहचान की जा सके जिनके नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं। वेनूगोपाल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने 'वोट चोरी' के पुख्ता सबूत पेश किए हैं, लेकिन चुनाव आयोग ने निष्पक्ष जांच के बजाय इसे नजरअंदाज किया।
कांग्रेस का दावा है कि कई राज्यों में वोटर लिस्ट से बड़े पैमाने पर नाम हटाए गए हैं, जिससे गरीब, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक और महिलाओं के वोटिंग अधिकारों पर खतरा मंडरा रहा है। पार्टी का आरोप है कि चुनाव आयोग की स्वतंत्रता प्रभावित हुई है, जिससे चुनावी सूचियों में हेरफेर संभव हो पाया है।
पार्टी ने छात्रों, युवाओं, किसानों, मजदूरों और समाज के हर वर्ग से इस मार्च में शामिल होने की अपील की है ताकि संविधान बचाने के इस संकल्प को ऐतिहासिक बनाया जा सके।