जौनपुर: केशव मौर्य का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, PDA फॉर्मूले को बताया फर्जी
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव के PDA फॉर्मूले को फर्जी बताया और 2027 चुनाव में BJP की बड़ी जीत का दावा किया।

उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोला है। जौनपुर के सुइथाकला में एक पारिवारिक कार्यक्रम में पहुंचे केशव मौर्य ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि आने वाले चुनाव में बीजेपी 2022 के मुकाबले और भी बड़ी जीत दर्ज करेगी। इस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव के चर्चित 'PDA' फॉर्मूले की जमकर धज्जियां उड़ाईं और इसे पूरी तरह फर्जी करार दिया।
PDA फॉर्मूले और ओवैसी मुद्दे पर घमासान
मीडिया से बातचीत करते हुए डिप्टी सीएम ने अखिलेश यादव की कार्यशैली पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की परिभाषाएं सुबह, दोपहर और शाम को बदलती रहती हैं। जब अखिलेश ने PDA में 'A' का मतलब अच्छे अधिकारी बताया, तो केशव मौर्य ने पलटवार करते हुए कहा कि यह जनता को गुमराह करने की एक कोशिश है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव पहले अपने कुछ गुंडों को लगाकर परिभाषा तय कर लें, फिर जनता के पास आएं।
वहीं, ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने के मुद्दे पर अखिलेश यादव की टिप्पणी को लेकर भी केशव मौर्य ने उन्हें घेरा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के पास वर्तमान में कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है और जो लोग मुद्दा विहीन होते हैं, वे इसी तरह की बकवास करते हैं।
डिप्टी सीएम ने आत्मविश्वास के साथ कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता जानती है कि विकास कौन कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार फिर से वापस आ रही है और समाजवादी पार्टी वापस सैफई जा रही है। अब देखना यह होगा कि 2027 की जंग से पहले शुरू हुई यह जुबानी जंग और क्या मोड़ लेती है।