केरल की युवती ने सीएम योगी को भेजा शादी का न्योता, 'बड़े भाई' मानकर मांगी दुआएं

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति सम्मान और स्नेह की एक अनोखी मिसाल केरल से सामने आई है। दक्षिण भारत के एक राज्य की रहने वाली अरुंधति नाम की युवती ने सीएम योगी को अपनी शादी का निमंत्रण भेजा है। अरुंधति ने मुख्यमंत्री को एक भावुक पत्र लिखकर उन्हें अपने 'बड़े भाई' और मार्गदर्शक के रूप में याद किया है और अपनी नई जिंदगी की शुरुआत के लिए उनका आशीर्वाद मांगा है।
अरुंधति और राहुल की शादी 20 दिसंबर को केरल के अलुवा स्थित ग्रीन पार्क कन्वेंशन सेंटर में होने जा रही है। इस खास मौके के लिए युवती ने दो पन्नों का एक हस्तलिखित पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने बताया कि कैसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के व्यक्तित्व ने उनके जीवन के प्रति नजरिए को बदल दिया।
एक वीडियो ने बदल दी जिंदगी की सोच
अपने पत्र में अरुंधति ने अपने बचपन के एक संघर्ष का जिक्र किया है। उन्होंने बताया कि वह छोटी-छोटी बातों पर भावुक हो जाती थीं और आंसू बहाती थीं, जिसे वह अपनी कमजोरी मानती थीं। उनके आसपास के लोगों ने उन्हें समझाया था कि मजबूत बनने के लिए भावनाओं पर काबू पाना जरूरी है, जिससे वह अक्सर खुद पर संदेह करने लगी थीं।
उनकी सोच तब बदली जब उनके एक चचेरे भाई ने उन्हें योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो दिखाया, जिसमें मुख्यमंत्री भावुक नजर आ रहे थे। उस समय उन्हें यह सीख मिली कि एक व्यक्ति संवेदनशील होने के बावजूद बेहद मजबूत और प्रभावशाली हो सकता है। अरुंधति लिखती हैं कि उन्होंने सीएम योगी से सीखा कि असली ताकत भावनाओं को दबाने में नहीं, बल्कि चुनौतियों का सामना करने और अपनी जिम्मेदारियों को निभाने में है।
युवती ने पत्र में लिखा, "मेरे लिए आप सिर्फ एक नेता नहीं, बल्कि एक बड़े भाई की तरह हैं, जिनकी यात्रा ने मुझे साहस और प्रेरणा दी है।" उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि मुख्यमंत्री की व्यस्तताएं बहुत अधिक हैं, इसलिए यदि वह शादी में शामिल नहीं भी हो पाते हैं, तो भी उनका एक छोटा सा शुभकामना संदेश उनके और उनके जीवनसाथी के लिए अनमोल होगा।