कौशाम्बी: ट्रैफिक विवाद में शख्स की बेरहमी से पिटाई, बदमाशों ने लूटी सोने की चेन और नकदी
कौशाम्बी में ट्रैफिक विवाद के बाद तीन बदमाशों ने व्यक्ति को बेरहमी से पीटा और नकदी व सोने की चेन लूट ली। पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल।

उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां मामूली ट्रैफिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मंजहनपुर कोतवाली क्षेत्र के कटरा नगर निवासी जुगल किशोर श्रीवास्तव के साथ तीन अज्ञात बदमाशों ने न केवल बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उनसे नकदी और गहने भी लूट लिए। यह पूरी घटना 17 नवंबर की रात करीब 10 बजे की है, जब पीड़ित अपने घर से जिला अस्पताल की ओर जा रहे थे।
जुगल किशोर के मुताबिक, सड़क पर चलते समय एक कार सवारों ने अचानक उनके आगे गाड़ी काट दी। जब उन्होंने इस बात का विरोध किया, तो कार में सवार तीनों व्यक्ति उग्र हो गए। विवाद इतना बढ़ा कि हमलावरों ने अपनी गाड़ी से उतरकर जुगल किशोर पर हमला बोल दिया। बदमाशों ने बेल्ट, लात और घूंसों से उनकी जमकर पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
मारपीट के बाद बदमाशों ने जुगल किशोर से 10,000 रुपये नकद और उनके गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने इस घटना की लिखित शिकायत स्थानीय पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई थी, लेकिन आरोप है कि कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।
22 नवंबर तक कोई नतीजा न निकलने पर पीड़ित ने अपनी व्यथा मीडिया और उच्च अधिकारियों के सामने रखी है। जुगल किशोर का कहना है कि वह न्याय की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन पुलिस की सुस्ती के कारण आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं। फिलहाल, पीड़ित ने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और अपना सामान बरामद करने की मांग की है।