मुंबई में केट मिडलटन का जलवा, सिंदूरी रेड अनारकली में ढाया कहर
मुंबई में अर्थशॉट प्राइज अवार्ड्स के दौरान राजकुमारी केट मिडलटन ने भारतीय डिजाइनर महिमा महाजन की सिंदूरी रेड अनारकली पहनकर सबको चौंकाया।

मुंबई में आयोजित 'अर्थशॉट प्राइज अवार्ड्स 2026' के दौरान राजकुमारी केट मिडलटन ने अपने अंदाज से पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। वेनलेस रॉयल लुक के लिए मशहूर राजकुमारी ने इस खास मौके पर भारतीय पहनावे को चुना, जिसमें वे बेहद खूबसूरत और गरिमामयी नजर आईं। केट मिडलटन सिंदूरी रेड अनारकली पहनकर जब इवेंट में पहुंचीं, तो उनकी सादगी और भारतीय शिल्प के प्रति उनके प्रेम की हर तरफ चर्चा होने लगी।
राजकुमारी केट ने इस शाम के लिए भारतीय डिजाइनर महिमा महाजन के 'महफिल कलेक्शन' से एक शानदार नीलम सिंदूरी रेड अनारकली का चुनाव किया। यह आउटफिट न केवल दिखने में भव्य था, बल्कि यह टिकाऊ फैशन (सस्टेनेबल फैशन) का भी एक बेहतरीन उदाहरण था। इस ड्रेस को हाथ से बुने हुए सिल्क जॉर्जेट से तैयार किया गया था और इसमें इस्तेमाल किए गए रंग पूरी तरह से प्राकृतिक और वनस्पति आधारित थे।
बारीक कारीगरी और रॉयल टच
इस अनारकली की डिजाइनिंग में भारतीय परंपराओं का खास ख्याल रखा गया था। इसमें वी-नेकलाइन, लंबी आस्तीन और एक घेरदार स्कर्ट थी, जो राजकुमारी को एक शाही लुक दे रही थी। ड्रेस पर सोने की बारीक कढ़ाई, हरे मोतियों का काम और पारंपरिक बनारसी डिटेलिंग की गई थी, जो भारतीय कारीगरों की मेहनत को बयां कर रही थी। अपने लुक को पूरा करने के लिए उन्होंने हाथ से कढ़ाई किया हुआ मैचिंग दुपट्टा लिया और पन्ने (एमराल्ड) व हीरे के झुमकों के साथ एक खूबसूरत नेकलेस पहना।
वहीं, प्रिंस विलियम भी अपनी पत्नी के साथ पूरी तरह तालमेल बिठाए नजर आए। उन्होंने मनीष मल्होत्रा द्वारा डिजाइन किया गया क्लासिक ब्लैक वेलवेट बंदगला पहना था। प्रिंस विलियम के ब्लैक लुक ने राजकुमारी के वाइब्रेंट रेड आउटफिट को और भी ज्यादा निखार दिया।
सोशल मीडिया पर जैसे ही महिमा महाजन ने इस लुक का खुलासा किया, तारीफों की बाढ़ आ गई। फैशन एक्सपर्ट्स और आम लोग इस बात से बेहद खुश दिखे कि एक ग्लोबल आइकन ने भारतीय डिजाइनरों और स्थानीय कारीगरों के काम को अंतरराष्ट्रीय मंच पर इतनी खूबसूरती से प्रमोट किया।