मुंबई आ रही हैं केट मिडलटन, प्रिंस विलियम के साथ 2026 अर्थशॉट प्राइज के लिए करेंगी भारत दौरा
प्रिंस और प्रिंसेस ऑफ वेल्स 2026 अर्थशॉट प्राइज के लिए मुंबई आएंगे। कैंसर से उबरने के बाद केट मिडलटन का यह पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय दौरा होगा।

दुनियाभर की नजरें जिस रॉयल कपल पर टिकी रहती हैं, वे जल्द ही भारत की धरती पर कदम रखने वाले हैं। प्रिंस और प्रिंसेस ऑफ वेल्स, विलियम और केट मिडलटन, साल 2026 में मुंबई का दौरा करेंगे। यह यात्रा इसलिए खास है क्योंकि 2024 में कैंसर के निदान के बाद केट मिडलटन का यह पहला संयुक्त अंतरराष्ट्रीय दौरा होगा। केंसिंग्टन पैलेस ने पुष्टि की है कि यह दौरा मुख्य रूप से पर्यावरण पुरस्कार 'अर्थशॉट प्राइज' और स्थिरता, नवाचार व युवा नेतृत्व से जुड़े कार्यक्रमों पर केंद्रित होगा।
केट मिडलटन के लिए यह दौरा उनकी सार्वजनिक जिम्मेदारियों में वापसी का एक बड़ा संकेत है। जनवरी 2024 में कैंसर की खबर और उसके बाद कीमोथेरेपी के दौर से गुजरने वाली प्रिंसेस ने 2025 की शुरुआत में बताया था कि अब वह रिकवरी की राह पर हैं। इससे पहले वह केवल इटली की एक छोटी यात्रा पर गई थीं, लेकिन 2022 के बोस्टन समारोह के बाद यह पहला मौका होगा जब वह अर्थशॉट प्राइज का हिस्सा बनेंगी।
मुंबई में जुटेगा दुनिया भर का दिग्गज समूह
केंसिंग्टन पैलेस के मुताबिक, 2026 का अर्थशॉट प्राइज अब तक का सबसे बड़ा आयोजन होने जा रहा है। मुंबई में होने वाले इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में करीब 5,000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। इसमें विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्ष, वैज्ञानिक, बिजनेस लीडर्स, युवा इनोवेटर्स और परोपकारी लोग शामिल होंगे। यह आयोजन न केवल पर्यावरण संरक्षण की बात करेगा, बल्कि ब्रिटेन और भारत के बीच के पुराने और गहरे संबंधों को भी मजबूती देगा।
प्रिंस विलियम ने भारत को इस आयोजन के लिए चुनने की खास वजहें बताई हैं। उन्होंने भारत की तकनीकी क्षमता, जैव विविधता और यहां की विशाल युवा आबादी की सराहना की है। विलियम के अनुसार, भारत दुनिया का सबसे तेजी से बढ़ता जलवायु नेतृत्व वाला देश है और यहाँ अर्थशॉट प्राइज के सबसे अधिक फाइनलिस्ट और विजेता रहे हैं।
इस साल के पुरस्कारों के लिए 169 देशों से लगभग 7,000 नामांकन मिले थे, जिनमें से 15 फाइनलिस्ट चुने गए हैं। इनमें भारत की 'महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी' भी शामिल है, जो इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर बनाने वाली प्रमुख कंपनी है। यह भव्य समारोह 17 नवंबर 2026 को मुंबई में आयोजित किया जाएगा।
गौरतलब है कि यह कपल करीब एक दशक बाद फिर से भारत आ रहा है। इससे पहले 2016 में उन्होंने भारत और भूटान की यात्रा की थी, जिस दौरान उन्होंने दिल्ली, मुंबई, आगरा के ताजमहल और असम के काजीरंगा नेशनल पार्क का भ्रमण किया था।