काशी देव दीपावली: आसमान में दिखेंगे भगवान शिव के रूप, ड्रोन शो से जगमगाएगी वाराणसी
वाराणसी में देव दीपावली पर पहली बार ड्रोन शो और रामघाट पर गंगा आरती होगी। जानें इस भव्य आयोजन की पूरी डिटेल्स।

धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी इस बार एक ऐसी देव दीपावली की गवाह बनने जा रही है, जो पहले कभी नहीं देखी गई। मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर होने वाले इस भव्य आयोजन में आस्था के साथ-साथ आधुनिक तकनीक का ऐसा संगम होगा कि देखने वाले दंग रह जाएंगे। इस बार सबसे बड़ा आकर्षण आसमान में होने वाला काशी देव दीपावली ड्रोन शो होगा, जिसमें पहली बार संगीत की धुनों के साथ भगवान शिव के अद्भुत स्वरूप और रंग-बिरंगी आकृतियां उकेरी जाएंगी।
वाराणसी के घाटों पर रोशनी का यह उत्सव आदि केशव घाट से लेकर सामने घाट तक फैला होगा, जहां लाखों दीपों की जगमगाहट गंगा के पानी में प्रतिबिंबित होगी। इस बार एक और खास बदलाव यह है कि रामघाट पर पहली बार गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। केंद्रीय देव दीपावली समिति के संस्थापक अध्यक्ष पंडित नारायण गुरु ने बताया कि इस साल कुल 51 घाटों पर एक साथ भव्य गंगा आरती होगी और 84 घाटों पर करीब 200 समितियां दीप प्रज्ज्वलित कर काशी को रोशन करेंगी।
लेजर शो और ग्रीन आतिशबाजी का होगा संगम
सिर्फ घाट ही नहीं, बल्कि गंगा पार रेती पर भी रोशनी का अद्भुत नजारा दिखेगा। श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार के सामने 10 मिनट का एक विशेष 'ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो' आयोजित किया जाएगा। यह शो पूरी तरह प्रदूषण रहित होगा, जिसमें लेजर, संगीत और आधुनिक आतिशबाजी का मेल होगा। आयोजन में पहली बार 8 इंच के खास आतिशबाजी सेल्स और माल्टा शैली की आकृतियों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो इस उत्सव की भव्यता को और बढ़ा देंगे।
इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल समेत सुप्रीम कोर्ट और विभिन्न हाईकोर्ट के न्यायाधीशों के शामिल होने की संभावना है। पर्यटकों और मेहमानों की भारी भीड़ को देखते हुए पर्यटन विभाग ने होटलों, क्रूज और नावों की बुकिंग के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
दिलचस्प बात यह है कि जिस देव दीपावली ने आज पूरी दुनिया में अपनी पहचान बना ली है, उसकी शुरुआत साल 1985 में हुई थी। उस समय महज 6 घाटों पर करीब 8 हजार दीप जलाकर यह उत्सव शुरू हुआ था, जो अब एक वैश्विक आकर्षण बन चुका है और हर साल लाखों श्रद्धालुओं को अपनी ओर खींचता है।