कासगंज: मक्के के खेत में गिरी बिजली, एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत

उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां सहवर थाना क्षेत्र के नगला माधव गांव में मक्के के खेत में काम कर रहे एक ही परिवार के तीन सदस्यों की बिजली गिरने से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब इलाके में भारी बारिश हो रही थी और अचानक आसमान से गिरी बिजली ने तीन जिंदगियां छीन लीं।
जानकारी के मुताबिक, मृतकों में 36 वर्षीय रामवती देवी, उनकी 11 साल की मासूम बेटी कशिश और रामवती के देवर 35 वर्षीय नीरज सिंह मौर्य शामिल हैं। तीनों खेत में काम कर रहे थे, तभी बिजली का जोरदार झटका लगा और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों को मिलेगी 4-4 लाख की आर्थिक सहायता
इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। कासगंज के पुलिस अधीक्षक (SP) ओपी सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आपदा राहत नीति के तहत, प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के लिए 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि (मुआवजा) देने की घोषणा की है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पीड़ित परिवार को यह सहायता राशि जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जाए ताकि उन्हें इस कठिन समय में कुछ सहारा मिल सके।