कानपुर में सनसनी: मैदान में मिला युवक का कुचला हुआ शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस
कानपुर के चकेरी में एक युवक का कुचला हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी है।

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। चकेरी थाना क्षेत्र के टटीयन गांव में शुक्रवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक सुनसान मैदान में एक युवक का लहूलुहान शव बरामद हुआ। वारदात इतनी खौफनाक थी कि मृतक का सिर और चेहरा पत्थरों व ईंटों से बुरी तरह कुचला गया था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में यह अंदेशा जताया जा रहा है कि हत्यारों ने पहचान छिपाने के मकसद से युवक के चेहरे को बेरहमी से कुचला। फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल से खून से सनी ईंट और कुछ अन्य महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं, जिन्हें कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा गया है।
जुआ और रंजिश का शक
स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि जिस मैदान में शव मिला है, वह इलाका संदिग्ध गतिविधियों के लिए जाना जाता है। लोगों का आरोप है कि यहां अक्सर जुआ खेलने वालों और संदिग्ध लोगों का जमावड़ा लगा रहता है और कई तरह की अनैतिक गतिविधियां चलती हैं। इसी वजह से आशंका जताई जा रही है कि यह हत्या या तो जुए के दौरान हुए किसी विवाद का नतीजा है या फिर पुरानी रंजिश का खूनी अंत।
चकेरी के एसीपी आशुतोष सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है, जिसके लिए पुलिस आसपास के इलाकों में प्रयास कर रही है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि हत्या से जुड़े हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।