कानपुर: मेन पाइपलाइन फटने से 20 हजार लोगों पर मंडराया जल संकट, सड़कों पर बह रहा पानी

कानपुर में मुख्य जल निगम पाइपलाइन फटने से 20 हजार लोगों के सामने पानी का संकट खड़ा हो गया है। प्रशासन की लापरवाही से लोग परेशान हैं।

Shubham Singh28 November 20262 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
कानपुर: मेन पाइपलाइन फटने से 20 हजार लोगों पर मंडराया जल संकट, सड़कों पर बह रहा पानी

औद्योगिक नगरी कानपुर में एक बार फिर प्रशासन की लापरवाही ने हजारों लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। शहर के चिड़ियाघर और गुरुदेव पैलेस रोड के पास जल निगम की मुख्य पेयजल पाइपलाइन अचानक फट गई, जिससे करीब 20 हजार निवासियों के सामने भीषण जल संकट खड़ा हो गया है। हैरानी की बात यह है कि जहां एक तरफ लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं, वहीं दूसरी ओर हजारों लीटर शुद्ध पेयजल हर मिनट सड़कों पर बहकर बर्बाद हो रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह हादसा गुरुदेव पैलेस रोड पर चल रहे सीएम ग्रिड प्रोजेक्ट के काम की वजह से हुआ है। इस प्रोजेक्ट के तहत सड़कों का नवीनीकरण, डक्ट निर्माण और फुटपाथ विकसित किए जा रहे हैं, लेकिन काम की गुणवत्ता को लेकर पहले ही कई सवाल उठ चुके हैं। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही और कथित भ्रष्टाचार ने इस मुख्य पाइपलाइन को नुकसान पहुंचाया है।

तीन दिन बीते, लेकिन नहीं पहुंचा कोई अधिकारी

इस घटना के बाद जलकल विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि पाइपलाइन फटने की सूचना तुरंत अधिकारियों को दी गई थी, लेकिन जिम्मेदार लोग मौके पर पहुंचने की जहमत तक नहीं उठाई। घटना को तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक विभाग का कोई भी कर्मचारी मरम्मत के लिए नहीं पहुंचा है। इस देरी के कारण इलाके के हजारों लोग पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं।

कानपुर में पाइपलाइन फटने की यह कोई पहली घटना नहीं है; शहर के अलग-अलग हिस्सों में पहले भी ऐसे हादसे हुए हैं जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है। फिलहाल, जल निगम ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मरम्मत का काम शुरू कर दिया जाएगा, लेकिन तब तक स्थानीय निवासी प्रशासन के प्रति अपने गुस्से को नहीं छिपा पा रहे हैं।

Share:

Comments

Leave a comment