कानपुर: प्रोसेसिंग यूनिट से 18 किलो चांदी पार, छत के रास्ते घुसा चोर, CCTV में कैद हुई वारदात

उत्तर प्रदेश के कानपुर चांदी चोरी मामला ने पुलिस की नींद उड़ा दी है। शहर के चकेरी थाना क्षेत्र के पोखरपुर इलाके में स्थित एक सिल्वर प्रोसेसिंग यूनिट को चोर ने अपना निशाना बनाया और करीब 45 लाख रुपये कीमत का 18 किलोग्राम चांदी का पाउडर लेकर रफूचक्कर हो गया। हैरान करने वाली बात यह है कि चोरी की यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
यह फैक्ट्री पवन दाल मिल परिसर के अंदर स्थित है, जिसे महाराष्ट्र के रहने वाले व्यवसायी नितिन तोपे पिछले दो साल से चला रहे हैं। नितिन तोपे की यह यूनिट नया गंज स्थित 'स्वस्तिक टेक ज्वेलरी' के लिए चांदी रिफाइन करने का काम करती है। घटना वाली रात नितिन ने हमेशा की तरह फैक्ट्री बंद की थी, लेकिन चोर ने अंदर घुसने के लिए एक शातिर तरीका अपनाया।
छत के छेद और रस्सी के सहारे अंदर घुसा चोर
सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि चोर ने फैक्ट्री की छत पर मौजूद एक छेद का फायदा उठाया। वह एक खंभे से बंधी रस्सी के सहारे नीचे उतरा और फैक्ट्री के अंदर दाखिल हुआ। वहां से 18 किलो चांदी का पाउडर समेटने के बाद वह पिछले दरवाजे से फरार हो गया।
इस दौरान फैक्ट्री परिसर में रहने वाले दो कर्मचारियों ने कुछ संदिग्ध आवाजें सुनी थीं, लेकिन डर के मारे उन्होंने बीच में हस्तक्षेप नहीं किया। जब चोर वहां से जा चुका था, तब उन्होंने इसकी सूचना मालिक को दी। ऑल इंडिया ज्वेलर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पुष्टि की है कि यह यूनिट मुख्य रूप से पुरानी चांदी को रिफाइन करने का काम करती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चकेरी पुलिस और एसीपी आशुतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। एसीपी सिंह ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मामले को जल्द सुलझाने के लिए दो अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।