कानपुर: 'सीरियल ब्राइड' का खेल खत्म, परिवार संग 7 गिरफ्तार, की थी लाखों की ठगी
कानपुर पुलिस ने कई शादियां कर लाखों की ठगी करने वाली 'सीरियल ब्राइड' प्रगति और उसके परिवार के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

कानपुर की बर्रा पुलिस ने एक ऐसे सनसनीखेज मामले का भंडाफोड़ किया है, जिसमें एक महिला ने 'सीरियल ब्राइड' बनकर कई पुरुषों को अपना शिकार बनाया। पुलिस ने इस धोखाधड़ी गिरोह की मास्टरमाइंड प्रगति विश्वकर्मा और उसके परिवार के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरा गिरोह शादियों के नाम पर पुरुषों को जाल में फंसाता था और फिर उनसे मोटी रकम और जेवरात ऐंठ लेता था।
पुलिस की जांच में सामने आया कि प्रगति ने एक के बाद एक कई शादियां कीं। उसकी पहली शादी मार्च 2017 में सोनू विश्वकर्मा से हुई, जिसके कुछ समय बाद जून 2017 में उसने सुमित बाथम से दूसरी शादी कर ली। इसके बाद मई 2025 में उसने विशाल विश्वकर्मा नामक एक ऑटो सर्वेयर से तीसरी शादी की। इस पूरे खेल का पर्दाफाश तब हुआ जब विशाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
इंस्टाग्राम पर मिला नया शिकार, पुलिस ने बीच में रोका रास्ता
विशाल ने आरोप लगाया कि प्रगति 18 जून 2025 को करीब 15 लाख रुपये के जेवर और 1 लाख रुपये नकद लेकर घर से फरार हो गई। जब विशाल ने 13 अगस्त 2026 को उसके परिवार से जवाब मांगा, तो उसके साथ और उसके भाई के साथ मारपीट की गई। इतना ही नहीं, प्रगति की मां ने उल्टा 20 लाख रुपये की मांग की और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी।
हैरानी की बात यह है कि विशाल के घर से भागने के बाद प्रगति इंस्टाग्राम के जरिए एक चौथे शख्स के संपर्क में आई और उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगी। वह अपनी चौथी शादी की तैयारी कर रही थी, तभी पुलिस ने उसे धर दबोचा। पुलिस को प्रगति के मोबाइल से उसके तीनों पूर्व पतियों की तस्वीरें मिली हैं, जो इस धोखाधड़ी का पुख्ता सबूत हैं।
इस मामले में पुलिस ने प्रगति के साथ उसके दत्तक पिता अशोक, मां सीमा, जैविक मां सोमवती, चाची कोमल और चाचा शरद सैनी को गिरफ्तार किया है। परिवार के दो अन्य सदस्य, ललिता और गोमती विश्वकर्मा, अभी भी फरार हैं जिनकी तलाश जारी है। कोर्ट में पेशी के दौरान प्रगति ने सभी आरोपों को नकारते हुए विरोध जताया और आत्मदाह करने की धमकी भी दी, जिसके बाद आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।