कन्नौज: वकील हत्याकांड के आरोपी कांग्रेस नेता के घर पर चला बुलडोजर
कन्नौज में वकील अनुज चतुर्वेदी की हत्या के आरोपी कांग्रेस नेता अमोल दीक्षित के अवैध निर्माण पर चला प्रशासन का बुलडोजर।

उत्तर प्रदेश के कन्नौज में प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वकील अनुज चतुर्वेदी की हत्या के मुख्य आरोपी और कांग्रेस नेता अमोल दीक्षित के आवास को ध्वस्त कर दिया है। यह कार्रवाई छिब्रामऊ के इब्राहिम गंज पड़ाव इलाके में की गई, जहां नगर पालिका प्रशासन की निगरानी में बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ढहा दिया गया।
दरअसल, यह पूरा मामला दिवाली की शाम को हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड से जुड़ा है। भाजपा विधायक अर्चना पांडे के भतीजे, वकील अनुज चतुर्वेदी की छिब्रामऊ में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने कांग्रेस नेता अमोल दीक्षित और उनकी मां मुन्नी देवी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से एक लाइसेंसी पिस्तौल भी बरामद हुई थी।
अवैध अतिक्रमण के नाम पर हुई कार्रवाई
प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई अवैध अतिक्रमण के खिलाफ की गई है। नगर पालिका के अनुसार, स्थानीय निवासियों की शिकायतों के बाद जांच शुरू की गई थी, जिसमें पाया गया कि कॉर्नर की जमीन पर अनधिकृत निर्माण किया गया था। हालांकि, चर्चा यह भी है कि 12 नवंबर को घर पर नोटिस चिपकाकर 15 दिन का समय दिया गया था, लेकिन अगले ही दिन यानी 13 नवंबर को बुलडोजर चला दिया गया।
कार्रवाई के दौरान इलाके में भारी तनाव को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। तहसीलदार अभिनव कुमार के नेतृत्व में राजस्व टीम और नगर पालिका की टीम मौके पर मौजूद थी। किसी भी अप्रिय घटना या हंगामे को रोकने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल के साथ प्रांतीय सशस्त्र बल (PAC) की एक पूरी प्लाटून तैनात की गई थी।
बता दें कि हत्या के बाद से ही आरोपी का घर बंद पड़ा था। इस हत्याकांड ने पूरे छिब्रामऊ क्षेत्र में काफी तनाव पैदा कर दिया था, जिसके चलते पुलिस प्रशासन अब भी इलाके में हाई अलर्ट पर है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है।