कन्नौज: बीजेपी विधायक के भतीजे की दिनदहाड़े हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात
कन्नौज में बीजेपी विधायक के भतीजे और वकील अनुज चतुर्वेदी की दिनदहाड़े हत्या। सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात, कांग्रेस नेता पर आरोप।

उत्तर प्रदेश के कन्नौज से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दिवाली की शाम खुशियों की जगह मातम पसर गया। छिब्रामऊ कोतवाली इलाके में एक बीजेपी विधायक के भतीजे और पेशे से वकील अनुज चतुर्वेदी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसने इलाके में दहशत फैला दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना दिवाली की शाम करीब 6 बजे की है। आरोप है कि कांग्रेस नेता और जिला महासचिव अमोल दीक्षित ने अनुज चतुर्वेदी पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह पूरी वारदात अनुज के परिवार के सामने हुई। आरोप है कि हमलावर ने बेहद करीब से कई राउंड गोलियां चलाईं और तब तक फायरिंग जारी रखी जब तक कि अनुज की मौके पर ही मौत नहीं हो गई।
CCTV फुटेज में दिखा खौफनाक मंजर
घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि दो युवक अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार होकर मौके पर पहुंचते हैं। वीडियो में सफेद कुर्ता पहने अमोल दीक्षित काफी उत्तेजित नजर आ रहे हैं और किसी का इंतजार कर रहे हैं। जैसे ही अनुज चतुर्वेदी उनसे बात करने की कोशिश करते हैं, दीक्षित ने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। फायरिंग होते ही अनुज का एक साथी, जो मोटरसाइकिल पर था, अपनी जान बचाने के लिए वहां से तेजी से फरार हो गया।
इस जघन्य हत्याकांड के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कन्नौज पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस प्रशासन इस पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है। पुलिस हमलावर की तलाश और मामले की कानूनी कार्रवाई में लगी है।