जेवर एयरपोर्ट का नाम अब 'नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट', यूपी कैबिनेट की मुहर

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने एक बड़ा फैसला लेते हुए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम बदलने की मंजूरी दे दी है। अब गौतम बुद्ध नगर जिले में बन रहे इस महत्वाकांक्षी हवाई अड्डे को जेवर एयरपोर्ट का नामकरण कर 'नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट' के नाम से जाना जाएगा। शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव पर आधिकारिक तौर पर सहमति जताई गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैबिनेट मीटिंग के बाद यह जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में उनके 25 वर्षों के निरंतर सेवा और नेतृत्व के सम्मान में लिया गया है। अब इस सुविधा को आधिकारिक तौर पर 'नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नोएडा-जेवर' के नाम से पुकारा जाएगा।
NCR के लिए बनेगा बड़ा एविएशन हब
यह एयरपोर्ट न केवल उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा हवाई अड्डा होगा, बल्कि देश के लिए एक प्रमुख एविएशन सेंटर के रूप में भी उभरेगा। यह दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ मिलकर नेशनल कैपिटल रीजन (NCR) के लिए एक सेकेंडरी कमर्शियल हब के तौर पर काम करेगा।
इस प्रोजेक्ट की रफ्तार और महत्व को इन बिंदुओं से समझा जा सकता है:
- प्रधानमंत्री मोदी ने 28 मार्च 2026 को एयरपोर्ट के पहले फेज का उद्घाटन किया था।
- इसका कमर्शियल ऑपरेशन जून 2026 से ही शुरू हो चुका है।
- विकास कार्य अभी भी जारी हैं और दूसरे फेज के 2031-32 वित्तीय वर्ष तक चालू होने की उम्मीद है।
राज्य सरकार का मानना है कि इस ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और कनेक्टिविटी के नए आयाम स्थापित होंगे।