जौनपुर: बहन की शादी से पहले घर में पसरा मातम, सड़क हादसे में इकलौते भाई की मौत

जौनपुर में बहन की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, घर में खुशियां मातम में बदलीं।

Shubham Singh18 November 20261 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
जौनपुर: बहन की शादी से पहले घर में पसरा मातम, सड़क हादसे में इकलौते भाई की मौत

जौनपुर के सुइथाकला इलाके से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक परिवार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शादी की शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अब सिर्फ चीख-पुकार सुनाई दे रही है। बहन की डोली उठने से पहले ही इकलौते भाई की अर्थी उठने की खबर ने पूरे परिवार और गांव को झकझोर कर रख दिया है।

जानकारी के मुताबिक, सरपतहां थाना क्षेत्र के अमावांकला गांव का रहने वाला 22 वर्षीय दिव्यम दूबे मंगलवार की सुबह अपने एक दोस्त के साथ अपनी बहन की शादी का निमंत्रण देने के लिए खुटहन थाना क्षेत्र के डिहिया गांव स्थित अपने ननिहाल गया था। दिव्यम की बहन की शादी 21 नवंबर को तय हुई थी और वह बड़े उत्साह के साथ रिश्तेदारों को न्योता दे रहा था।

वापसी के दौरान हुआ भीषण हादसा

रिश्तेदारों को शादी का कार्ड देकर जब दिव्यम अपने दोस्त के साथ घर लौट रहा था, तभी दशगरपारा गांव के पास सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि दिव्यम की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में दोनों बाइकों पर सवार दो अन्य युवक भी घायल हुए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत जौनपुर मेडिकल कॉलेज भिजवाया और दिव्यम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दिव्यम अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और घर की सारी जिम्मेदारियां उसी के कंधों पर थीं। जिस बेटे को अपनी बहन की शादी की तैयारियां पूरी करनी थीं, उसकी अचानक मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है और हर किसी की आंखें नम हैं।

Share:

Comments

Leave a comment