जौनपुर के रानीपुर गांव में फायरिंग और बम धमाका, बाइक सवार हमलावरों ने मचाया उत्पात

Sushant Singh17 October 20261 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
जौनपुर के रानीपुर गांव में फायरिंग और बम धमाका, बाइक सवार हमलावरों ने मचाया उत्पात

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के रानीपुर गांव में शुक्रवार की देर शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ अज्ञात हमलावरों ने अचानक सुतली बम फेंका और हवाई फायरिंग शुरू कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीण सहमे हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक, मरियाहू कोतवाली क्षेत्र के रानीपुर गांव में अरुण, यशवंत, मानसिंह और शाहिद समेत पांच युवक आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर तीन युवक वहां पहुंचे और अचानक उन पर 'सुतली बम' फेंक दिया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के लोग सहम गए। हमलावर यहीं नहीं रुके, उन्होंने दहशत फैलाने के लिए हवा में कई राउंड फायरिंग भी की।

ग्रामीणों ने घेरा तो फायरिंग कर भागे हमलावर

जब धमाके की आवाज सुनकर गांव के अन्य लोग इकट्ठा हुए और उन्होंने हमलावरों को घेरने की कोशिश की, तो आरोपियों ने एक बार फिर फायरिंग की। शोर-शराबा और ग्रामीणों का दबाव बढ़ता देख हमलावरों ने अपनी मोटरसाइकिल वहीं छोड़ी और पैदल ही मौके से फरार हो गए।

घटना के तुरंत बाद पीड़ितों ने 112 इमरजेंसी सेवा के जरिए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पीआरवी टीम और स्थानीय थाना प्रभारी (SHO) मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पीड़ितों ने हमलावरों की पहचान जौनगीपुर निवासी आलोक यादव, ददरा निवासी अंकित यादव और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के रूप में की है।

इस मामले में थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। जैसे ही तहरीर मिलेगी, मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और इस हमले के पीछे की असल वजह का पता लगाने की कोशिश में जुटी है।

Share:

Comments

Leave a comment