जौनपुर: पत्नी ने घर आने से किया इनकार, तो मोबाइल टावर पर चढ़ गया पति

Shubham Singh15 October 20261 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
जौनपुर: पत्नी ने घर आने से किया इनकार, तो मोबाइल टावर पर चढ़ गया पति

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां घरेलू विवाद के बाद एक शख्स अपनी पत्नी के घर लौटने से इनकार करने पर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। इस घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया और घंटों तक हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।

जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना तेजबजार थाना क्षेत्र के कांधी गांव के पास स्थित एक पुल के पास की है। गयरकलन निवासी विशाल कनौजिया का अपनी पत्नी रिंकी के साथ दो दिन पहले विवाद हुआ था, जिसके बाद रिंकी अपने मायके यानी कलिनजरा गांव चली गई थी। विशाल अपनी 17 महीने की बेटी से मिलने कलिनजरा गया और अपनी पत्नी से वापस घर चलने की मिन्नतें कीं, लेकिन जब रिंकी ने आने से साफ मना कर दिया, तो विशाल गुस्से में अपना आपा खो बैठा।

दो घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

गुस्से और हताशा में डूबा विशाल सीधे कांधी गांव स्थित मोबाइल टावर पर जा पहुंचा और देखते ही देखते ऊपर चढ़ गया। वह वहां से चिल्लाकर अपनी पत्नी को बुलाने की मांग करने लगा। जैसे ही यह खबर पुलिस को मिली, तेजबजार थाना प्रभारी सतेन्द्र भाई पटेल अपनी टीम और फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंचे।

टावर की ऊंचाई और स्थिति को देखते हुए पुलिस और बचाव दल ने करीब दो घंटे तक विशाल को समझाने की कोशिश की। काफी मशक्कत और काउंसलिंग के बाद पुलिस उसे नीचे उतरने के लिए राजी कर पाई और उसे सुरक्षित बचा लिया गया।

घटना के बाद पुलिस विशाल, उसकी पत्नी रिंकी और परिवार के अन्य सदस्यों को थाने ले गई। वहां अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों के बीच बातचीत हुई और काउंसलिंग की गई। पुलिस के मुताबिक, आपसी बातचीत के बाद पति-पत्नी के बीच समझौता हो गया और दोनों एक बार फिर साथ अपने घर लौट गए।

Share:

Comments

Leave a comment