इटावा: जन सेवा केंद्र से 10 हजार रुपये लेकर फरार हुआ शख्स, संचालक ने लगाई न्याय की गुहार
इटावा के जसवंतनगर में एक व्यक्ति ने जन सेवा केंद्र संचालक के साथ 10 हजार रुपये की धोखाधड़ी की। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से धोखाधड़ी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ जसवंतनगर के धनुआं इलाके में स्थित एक जन सेवा केंद्र के संचालक ने एक व्यक्ति पर ठगी का आरोप लगाया है। आरोप है कि एक ग्राहक ने बैंक खाते में पैसे डलवाए और नकद भुगतान किए बिना ही चालाकी से वहां से रफूचक्कर हो गया।
पीड़ित संचालक अनुपम यादव ने बताया कि यह घटना 6 नवंबर की दोपहर करीब 2 बजे की है। उनके 'माही जन सेवा केंद्र' पर गजेंद्र कुमार नाम का एक व्यक्ति आया था। गजेंद्र ने अपने बैंक खाते में 10 हजार रुपये जमा करवाने की मांग की और वादा किया कि वह इसके बदले तुरंत नकद पैसे दे देगा। संचालक ने भरोसा कर पैसे जमा कर दिए, लेकिन तभी केंद्र पर ग्राहकों की भारी भीड़ जमा हो गई। इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर आरोपी गजेंद्र बिना पैसे दिए वहां से खिसक गया।
फोन पर वादा किया फिर बंद किया नंबर
जब अनुपम यादव को इस धोखाधड़ी का अहसास हुआ, तो उन्होंने आरोपी की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद उन्हें गजेंद्र कुमार का पता और पहचान मिली। संचालक का दावा है कि जब उन्होंने फोन पर संपर्क किया, तो आरोपी ने पैसे वापस करने का आश्वासन दिया, लेकिन हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर बात टालता रहा।
संचालक के पास व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट भी मौजूद हैं, जिनमें आरोपी ने पैसे लौटाने की बात कही थी। लेकिन अब स्थिति यह है कि आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया है और बकाया राशि वापस नहीं कर रहा है। अनुपम यादव का यह भी आरोप है कि गजेंद्र ने अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह की ठगी की है। पीड़ित ने अब प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से इस मामले की निष्पक्ष जांच करने और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।