रायबरेली: अब 'जल सारथी ऐप' से होगी पानी की समस्याओं का समाधान, ग्रामीण खुद रखेंगे नजर
रायबरेली के ग्रामीण अब जल सारथी ऐप के जरिए घर बैठे पानी की योजनाओं की जानकारी ले सकेंगे और समस्याओं की शिकायत कर सकेंगे।

रायबरेली के ग्रामीण इलाकों में अब पीने के पानी की समस्याओं को सुलझाना और सरकारी योजनाओं की जानकारी पाना बेहद आसान हो गया है। जल जीवन मिशन के तहत विकसित जल सारथी ऐप को जिले में लागू किया गया है, ताकि 'हर घर नल' योजना का लाभ पारदर्शी तरीके से लोगों तक पहुंच सके। इस डिजिटल पहल का मकसद ग्रामीणों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने से बचाना और उन्हें सीधे अपनी समस्याओं के समाधान से जोड़ना है।
अब तक रायबरेली जिले के 7,189 लोग इस ऐप को डाउनलोड कर चुके हैं। इस प्लेटफॉर्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि ग्रामीण अपने मोबाइल फोन से ही अपने गांव में चल रही जल योजनाओं की स्थिति और प्रगति को ट्रैक कर सकते हैं। इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ी है, बल्कि ग्रामीण अब अपने गांव के बुनियादी ढांचे की निगरानी में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
शिकायत दर्ज कराना हुआ आसान, फोटो भेजकर दे सकेंगे सूचना
यह ऐप केवल जानकारी देने का जरिया नहीं है, बल्कि यह नागरिकों और जल निगम विभाग के बीच एक मजबूत पुल का काम कर रहा है। यदि गांव में पानी की सप्लाई बाधित होती है या पाइपलाइन में लीकेज जैसी समस्या आती है, तो उपयोगकर्ता इसकी शिकायत सीधे ऐप के माध्यम से कर सकते हैं।
इतना ही नहीं, पाइपलाइन बिछाने के दौरान अगर सड़कों को नुकसान पहुंचता है, तो ग्रामीण उसकी फोटो या वीडियो खींचकर ऐप पर अपलोड कर सकते हैं। इससे अधिकारियों को मौके की सटीक स्थिति का पता चलेगा और मरम्मत कार्य जल्द पूरा हो सकेगा।
जल निगम के अधिशासी अभियंता रणविजय सिंह ने रायबरेली के निवासियों से इस ऐप का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह डिजिटल टूल ग्रामीणों के सुझावों और शिकायतों को विभाग तक पहुंचाने का एक कुशल माध्यम है, जिससे जिले की ग्रामीण पेयजल व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकेगा।