जालौन: तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूल वैन को मारी टक्कर, गड्ढे में गिरे 13 बच्चे
जालौन के कानपुर-झांसी हाईवे पर एक तेज रफ्तार वाहन ने स्कूल वैन को टक्कर मारी, जिससे वैन गड्ढे में जा गिरी। हादसे में एक छात्र घायल।

उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। कानपुर-झांसी हाईवे पर कोतरा पुल के पास एक तेज रफ्तार डीसीएम कार्गो वाहन ने स्कूल वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन अनियंत्रित होकर सीधे सड़क किनारे एक गहरे गड्ढे में जा गिरी। इस वैन में 13 मासूम बच्चे, एक शिक्षक और ड्राइवर सवार थे।
यह घटना सुबह करीब 9:00 बजे की है, जब वैन ग्राम कुरकुरू से बच्चों को अंकुरन प्ले स्कूल ले जा रही थी। जैसे ही हादसा हुआ, मौके पर चीख-पुकार मच गई। गनीमत यह रही कि स्थानीय लोग और पुलिस समय पर मौके पर पहुंच गए और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
एक छात्र घायल, आरोपी चालक फरार
हादसे के बाद बच्चों को तुरंत उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। हालांकि, इस दुर्घटना में अंश नाम का एक छात्र घायल हो गया, जिसे नाक के पास चोट आई है। उसे इलाज के लिए उरई अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा वैन के ड्राइवर और शिक्षक को भी मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस के मुताबिक, टक्कर मारने के बाद डीसीएम वाहन का चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। अतरा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर स्कूली बच्चों की सुरक्षा और हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को उजागर कर दिया है।