हवा में इंडिगो फ्लाइट पर गिरी बिजली, लखनऊ में सुरक्षित उतरा विमान

हवा में इंडिगो फ्लाइट पर गिरी बिजली, लखनऊ में सुरक्षित उतरा विमान

पटना से लखनऊ आ रही एक इंडिगो फ्लाइट के यात्रियों के लिए बुधवार का सफर किसी डरावने सपने जैसा रहा। करीब 17,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहे इस विमान पर अचानक बिजली गिर गई। गनीमत यह रही कि पायलटों की सूझबूझ से विमान को सुरक्षित तरीके से लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतार लिया गया। इस हादसे के दौरान विमान में सवार 104 यात्री और 6 क्रू मेंबर्स पूरी तरह सुरक्षित रहे और किसी को भी चोट नहीं आई।

जानकारी के मुताबिक, एयरबस A320-251N (रजिस्ट्रेशन VT-IQZ) विमान दोपहर 3:10 बजे पटना एयरपोर्ट से रवाना हुआ था। उड़ान के दौरान खराब मौसम का सामना करना पड़ा और अचानक बिजली गिरने से विमान के अगले हिस्से (रेडोम) को नुकसान पहुंचा। हालांकि, पायलटों ने धैर्य नहीं खोया और निर्धारित समय से पहले ही शाम 4:05 बजे विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंड करा दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह एक सामान्य लैंडिंग थी, न कि कोई इमरजेंसी प्रोसीजर।

तकनीकी जांच के लिए ग्राउंडेड हुआ विमान

लैंडिंग के बाद विमान को तुरंत 'एयरक्राफ्ट ऑन ग्राउंड' (AOG) घोषित कर दिया गया। इंजीनियरों की एक टीम फिलहाल इस बात की जांच कर रही है कि बिजली गिरने के अलावा क्या ओले या बर्फ की वजह से भी विमान को नुकसान पहुंचा है। इस घटना की औपचारिक सूचना नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को दे दी गई है।

इस विमान को लखनऊ से अहमदाबाद के लिए उड़ान भरनी थी, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण इसे ग्राउंडेड रखा गया है। इंडिगो ने यात्रियों की सुविधा के लिए दूसरा विमान उपलब्ध कराया, जिसने शाम करीब 6:22 बजे अहमदाबाद के लिए उड़ान भरी। अब यह विमान तब तक उड़ान नहीं भरेगा जब तक कि पूरी तकनीकी जांच पूरी नहीं हो जाती और रेगुलेटरी क्लियरेंस नहीं मिल जाता।

Share:

Comments

Leave a comment