सपा की एकतरफा घोषणा से भड़के इमरान मसूद, बोले- तय करें भाजपा से लड़ना है या हमसे
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा द्वारा एकतरफा उम्मीदवारों की घोषणा पर नाराजगी जताई है। जानें क्या बोले मसूद।

उत्तर प्रदेश की राजनीति में सीट शेयरिंग को लेकर मचे घमासान के बीच कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने समाजवादी पार्टी (सपा) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। दरअसल, लखनऊ में समाजवादी पार्टी ने यूपी चुनावों के लिए पांच उम्मीदवारों की सूची जारी की, जिसमें इमरान मसूद के अपने संसदीय क्षेत्र की दो सीटों के नाम भी शामिल थे। इस अचानक हुई घोषणा ने मसूद को हैरान और नाराज कर दिया है।
दिलचस्प बात यह है कि जब पीटीआई (PTI) के रिपोर्टर ने उन्हें इस खबर से अवगत कराया, तो वह बिस्तर से उठकर सोफे पर आए और सीधे कैमरे के सामने अपनी भड़ास निकाली। मसूद ने सपा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस पूरे मामले में गंभीरता की भारी कमी दिख रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ बातचीत चल रही थी और दूसरी तरफ सपा ने अपनी घोषणाएं कर दीं, जो यह दर्शाता है कि गठबंधन की चर्चाओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।
गठबंधन या टकराव? मसूद ने पूछे तीखे सवाल
इमरान मसूद ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, "जब आपने मेरे खिलाफ यह घोषणा कर दी है, तो मुझे समझ नहीं आ रहा कि आप मुझसे लड़ना चाहते हैं, कांग्रेस से या फिर भाजपा से? यह तय करना जरूरी है कि आपका असली मुकाबला किससे है।" उन्होंने साफ किया कि अब वह अपनी पार्टी के भीतर चर्चा करेंगे कि क्या उन्हें दोबारा बातचीत की मेज पर बैठना चाहिए या नहीं।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इमरान मसूद, जो पहले भी अपने बयानों से सपा पर दबाव बनाने की कोशिश कर चुके थे, इस बार काफी असहज नजर आए। अपनी ही सीट पर सपा के उम्मीदवारों के नामों की घोषणा के बाद उनके चेहरे पर हैरानी साफ दिख रही थी। संभावना जताई जा रही है कि सीट शेयरिंग की अगली बैठक से इमरान मसूद दूरी बना सकते हैं।