बांदा: यमुना नदी के सीने पर अवैध मोरांग खनन का कहर, पोकलेन मशीनों से लूटी जा रही रेत
बांदा में पोकलेन मशीनों से यमुना नदी के भीतर धड़ल्ले से हो रहा है अवैध मोरांग खनन। प्रशासन और पुलिस की मिलीभगत के आरोप लगे हैं।

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में बांदा अवैध मोरांग खनन का खेल एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। मार्का थाना क्षेत्र के चरका माइन (ब्लॉक नंबर 10) में नियमों को ताक पर रखकर यमुना नदी के प्रवाह के भीतर से बड़े पैमाने पर मोरांग निकाली जा रही है। हैरानी की बात यह है कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) की सख्त गाइडलाइन्स और प्रशासनिक आदेशों के बावजूद, भारी-भरकम पोकलेन मशीनों का इस्तेमाल सीधे नदी के बीचों-बीच किया जा रहा है।
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा आम है कि यह पूरा खेल कुछ रसूखदार लोगों के संरक्षण में चल रहा है। आरोप है कि इमरान मलिक, शकील अली और रेहान जैसे लोग बिना किसी डर के इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि रात के अंधेरे में मशीनों को उतारकर खनिज निकाला जाता है, जिससे न केवल पर्यावरण को नुकसान हो रहा है, बल्कि सरकारी खजाने को भी भारी राजस्व हानि उठानी पड़ रही है।
प्रशासनिक मिलीभगत और निगरानी में सेंध
इस पूरे मामले में स्थानीय पुलिस और तहसील स्तर के अधिकारियों की भूमिका पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि खनन माफियाओं और अधिकारियों के बीच गहरी मिलीभगत है, जिसके कारण अवैध उत्खनन बेखौफ जारी है। इतना ही नहीं, निगरानी के लिए लगाए गए सुरक्षा कैमरों की दिशा तक बदल दी गई ताकि मशीनों की आवाजाही रिकॉर्ड न हो सके।
हालांकि, माइनिंग ऑफिसर राज रंजन ने सख्त निगरानी का भरोसा दिया है और जिलाधिकारी के नेतृत्व में नरैनी, करताल और राजघाट जैसे संवेदनशील इलाकों के लिए टास्क फोर्स तैनात की गई है। राज्य स्तर पर भी मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद माइनिंग डायरेक्टर उज्ज्वल कुमार ने निरीक्षण शुरू किया है, ताकि ओवरलोडिंग और अवैध भंडारण पर लगाम कसी जा सके। लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि संरक्षित क्षेत्रों में अभी भी भारी मशीनें मौजूद हैं, जो प्रशासनिक उदासीनता की ओर इशारा करती हैं।