गोरखपुर: एसटीएफ ने अवैध हथियार तस्कर बिट्टू इंदौरी को दबोचा, भारी मात्रा में पिस्टल बरामद
यूपी एसटीएफ ने गोरखपुर में इंदौर-गोरखपुर नेटवर्क के बड़े हथियार तस्कर बिट्टू इंदौरी को गिरफ्तार कर पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं।

उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए इंदौर से संचालित अवैध हथियारों के नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में सफलता हासिल की है। एसटीएफ की गोरखपुर यूनिट ने शनिवार शाम करीब 7:15 बजे कैंट थाना क्षेत्र के कौवा बाग अंडरपास के पास से एक शातिर हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी बिट्टू इंदौरी उर्फ देवेंद्र सक्सेना के रूप में हुई है।
पुलिस और एसटीएफ की टीम ने जब आरोपी की तलाशी ली, तो उसके पास से .32 बोर की दो पिस्टल, दो मैगजीन और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपअधीक्षक धर्मेश कुमार शाही की देखरेख और इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व में अंजाम दी गई।
मध्य प्रदेश और हरियाणा से जुड़ा है हथियारों का यह सिंडिकेट
जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि हथियारों की तस्करी का यह संगठित सिंडिकेट मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा और हरियाणा के सोनीपत से संचालित हो रहा है। यह गिरोह गोरखपुर के साथ-साथ कुशीनगर, देवरिया और महाराजगंज जैसे जिलों में अवैध हथियारों की सप्लाई करता है।
तस्करों का तरीका यह था कि वे स्थानीय लोगों को अपने साथ जोड़ते थे, जिन्हें पिस्टल बेचने पर प्रति हथियार 20,000 से 30,000 रुपये तक का मुनाफा दिया जाता था। एसटीएफ के मुताबिक, बिट्टू इंदौरी सेंधवा से लाए गए हथियारों को अपने साथी रणधीर यादव को सौंपने की फिराक में था, तभी उसे दबोच लिया गया।
बता दें कि एसटीएफ गोरखपुर की टीम पहले भी इस गिरोह पर शिकंजा कस चुकी है। सितंबर महीने में पांच और अक्टूबर की शुरुआत में एक सदस्य को गिरफ्तार किया गया था, जिनसे कुल सात अवैध पिस्टल बरामद हुई थीं। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।