IIT कानपुर के स्टार्टअप 'फूल' का कमाल, अर्थशॉट प्राइज इवेंट में मिली वैश्विक पहचान

आईआईटी कानपुर से निकले स्टार्टअप 'फूल' ने मुंबई में आयोजित अर्थशॉट प्राइज इम्पैक्ट असेंबली में अपनी उपलब्धि साझा की। जानें मंदिर के फूलों से लेदर बनाने की कहानी।

Shubham Singh18 November 20262 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
IIT कानपुर के स्टार्टअप 'फूल' का कमाल, अर्थशॉट प्राइज इवेंट में मिली वैश्विक पहचान

उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर और आईआईटी कानपुर के लिए एक गर्व का क्षण आया है। आईआईटी कानपुर से निकले स्टार्टअप 'फूल' (Phool) को मुंबई में आयोजित 'अर्थशॉट प्राइज इम्पैक्ट असेंबली 2026' में विशेष पहचान मिली है। इस मौके पर कंपनी के सह-संस्थापक और सीईओ अंकित अग्रवाल ने स्टार्टअप के सफर और पर्यावरण पर इसके सकारात्मक प्रभाव के बारे में दुनिया को बताया।

इस स्टार्टअप की सबसे बड़ी खासियत इसका 'फ्लेदर' (Fleather) इनोवेशन है। यह एक ऐसा वीगन लेदर है जिसे मंदिरों से निकलने वाले बेकार फूलों के कचरे से तैयार किया गया है। यह दिखने और चलने में बिल्कुल असली लेदर जैसा है, लेकिन इसे बनाने में न तो किसी जानवर की खाल का इस्तेमाल होता है और न ही प्लास्टिक का। साल 2022 में 'वेस्ट-फ्री वर्ल्ड' कैटेगरी में अर्थशॉट प्राइज के फाइनलिस्ट बनने के बाद से ही इस स्टार्टअप को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी सराहना मिल रही है।

कचरे से कमाई और महिलाओं को मिला सहारा

आईआईटी कानपुर द्वारा साझा की गई जानकारी के मुताबिक, अर्थशॉट प्राइज के फाइनलिस्ट बनने के बाद 'फूल' ने अपने काम का दायरा काफी बढ़ा लिया है। अब यह स्टार्टअप भारत के पांच सबसे बड़े मंदिर शहरों में फूलों की रीसाइक्लिंग कर रहा है और फूलों के कचरे को रिसाइकिल करने की अपनी क्षमता को दोगुना कर चुका है।

पर्यावरण सुधार के साथ-साथ यह स्टार्टअप सामाजिक बदलाव की मिसाल भी पेश कर रहा है। वर्तमान में पांच अलग-अलग यूनिट्स में 600 से अधिक महिलाएं काम कर रही हैं। इनमें से कई महिलाएं ऐसे समुदायों से आती हैं जो पहले हाथ से मैला ढोने जैसे कठिन कामों में लगे थे। अब उन्हें सम्मानजनक रोजगार और आजीविका मिली है।

"फूल की शुरुआत उन फूलों से हुई जिन्हें कोई नहीं चाहता था और उन महिलाओं से हुई जिन्हें कोई काम पर नहीं रखना चाहता था। आज अपने ही देश में अर्थशॉट के मंच पर खड़े होकर यह दिखाना कि वे दोनों आज क्या बन चुके हैं, यह फूल की टीम और कानपुर के लिए बहुत सम्मान की बात है।" — अंकित अग्रवाल, सीईओ, फूल

बता दें कि प्रिंस विलियम द्वारा 2020 में शुरू किया गया 'अर्थशॉट प्राइज' पहली बार भारत आया था। इस असेंबली का मुख्य उद्देश्य 2030 तक पृथ्वी को बचाने के लिए प्रकृति संरक्षण, स्वच्छ हवा और कचरा कम करने जैसे समाधानों को बढ़ावा देना है। इसी कार्यक्रम के दौरान 'क्लीन आवर एयर' कैटेगरी में महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी लिमिटेड को पुरस्कार से नवाजा गया।

Share:

Comments

Leave a comment