IIT कानपुर का बड़ा धमाका: $1 बिलियन जुटाने के लिए लॉन्च किया 'Greater Than Us' कैंपेन, 4155 करोड़ रुपये पहले ही जुटे

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) कानपुर ने शिक्षा और शोध के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचने की तैयारी कर ली है। संस्थान ने 'Greater Than Us' नाम से एक महा-अभियान की शुरुआत की है, जिसका लक्ष्य मार्च 2029 तक 1 बिलियन अमेरिकी डॉलर जुटाना है। यह किसी भी IIT द्वारा अब तक चलाया गया सबसे बड़ा फंडरेजिंग कैंपेन है। खास बात यह है कि अभियान की आधिकारिक घोषणा से पहले ही पूर्व छात्रों, दानदाताओं, कॉर्पोरेट पार्टनर्स और सरकार की ओर से लगभग 4,155 करोड़ रुपये देने का वादा किया जा चुका है, जो कुल लक्ष्य का करीब आधा हिस्सा है।
इस महत्वाकांक्षी अभियान का शुभारंभ भारत मंडपम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य देश के युवाओं को ऐसी सुविधाएं और संसाधन देना है, जिससे वे भविष्य की तकनीकों का निर्माण कर सकें और भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने में योगदान दे सकें।
इन तीन स्तंभों पर टिका है पूरा मिशन
IIT कानपुर के डायरेक्टर प्रोफेसर मनिंद्र अग्रवाल के अनुसार, यह निवेश उन युवा भारतीयों के लिए है जो देश का भविष्य संवारेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत को भविष्य की तकनीकें उधार नहीं लेनी हैं, बल्कि उन्हें खुद बनाना होगा। यह पूरा कैंपेन तीन मुख्य स्तंभों पर आधारित है:
- फाउंडेशन (लक्ष्य ₹5,000 करोड़): इसके तहत रिसर्च और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जाएगा। इसमें 524 करोड़ रुपये की सेंट्रल रिसर्च फैसिलिटी, सेमीकंडक्टर प्रोसेसिंग सेंटर और 200 करोड़ रुपये की हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग फैसिलिटी शामिल है। साथ ही, कैंपस में 1,000 क्षमता वाले चार नए हॉस्टल और मेंटल हेल्थ सेंटर भी बनाए जाएंगे।
- टैलेंट (लक्ष्य ₹3,000 करोड़): इसका फोकस प्रतिभाशाली छात्रों, शोधकर्ताओं और फैकल्टी पर होगा। इसके जरिए स्कॉलरशिप और डॉक्टरेट फेलोशिप बढ़ाई जाएगी ताकि हर योग्य छात्र को वित्तीय सहायता मिल सके।
- फ्रंटियर: यह हिस्सा बुनियादी शोध को वास्तविक दुनिया के अनुप्रयोगों से जोड़ेगा, जिसमें AI, क्वांटम टेक्नोलॉजी, साइबर सुरक्षा और ड्रोन जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
अभियान के दौरान एक महत्वपूर्ण समझौता भी हुआ। पूर्व छात्र राहुल गौतम ने 180 करोड़ रुपये देने का संकल्प लिया है, जिससे नोएडा कैंपस में 'गौतम स्कूल ऑफ इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप' (G-SINE) की स्थापना होगी। यह स्कूल जुलाई 2027 में शुरू होगा और AI, डिजिटल हेल्थ और बायोटेक जैसे हाई-ग्रोथ सेक्टर के लिए नए फाउंडर्स और लीडर्स तैयार करेगा। यहाँ का फ्लैगशिप प्रोग्राम 'MBA इन टेक्नोलॉजी एंड एंटरप्रेन्योरशिप' होगा, जो छात्रों को रिसर्च से प्रोडक्ट बनाने की दिशा में प्रेरित करेगा।