यूपी चुनाव 2027: 'हम' पार्टी का बड़ा दांव, 125 सीटों पर संगठन मजबूत करने का लक्ष्य
जीतन राम मांझी की 'हम' पार्टी ने यूपी चुनाव 2027 के लिए कमर कसी है। 125 सीटों पर संगठन मजबूत करने के लिए ग्रामीण चौपाल अभियान शुरू होगा।

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों की सुगबुगाहट अभी से तेज हो गई है। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के नेतृत्व वाली पार्टी 'हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर)' यानी 'हम' ने यूपी के सियासी मैदान में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने मिशन-2027 के तहत प्रदेश में 'ग्रामीण चौपाल महा-अभियान' चलाने का ऐलान किया है, ताकि सीधे जनता के बीच पहुंचकर अपनी पैठ बनाई जा सके।
मिर्जापुर के बथुआ स्थित शांति कुंज लॉन में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रघु मिश्रा ने इस रणनीति का खुलासा किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब जनता केवल लंबे-चौड़े भाषणों और खोखले आश्वासनों से संतुष्ट नहीं होगी, बल्कि उन्हें अपने बुनियादी अधिकार चाहिए। इसी लक्ष्य के साथ पार्टी गांव-गांव जाकर किसानों, युवाओं, महादलितों, वंचितों और सवर्ण समाज की समस्याओं को सुनेगी और उन्हें हल कराने की कोशिश करेगी।
एनडीए में मजबूती और छोटे दलों का सम्मान
रघु मिश्रा ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक जीतन राम मांझी और राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश में संगठन का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि 'हम' पार्टी एनडीए की एक भरोसेमंद सहयोगी है और आगामी चुनाव में गठबंधन को और अधिक ताकतवर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करेगी। पार्टी का मुख्य लक्ष्य प्रदेश की 125 विधानसभा सीटों पर अपने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने एक दिलचस्प उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह रामायण काल में रामसेतु के निर्माण के दौरान भगवान श्रीराम ने एक छोटी सी गिलहरी के योगदान का सम्मान किया था, ठीक उसी तरह गठबंधन में छोटे दलों और जमीनी कार्यकर्ताओं की भूमिका को भी महत्व दिया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि राजनीति में अहंकार और उपेक्षा की जगह नहीं होनी चाहिए और सभी सहयोगियों को साथ लेकर चलना जरूरी है।
इसके अलावा, रघु मिश्रा ने यह भी साफ किया कि सनातन परंपरा और हिंदू समाज पर चोट करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और पार्टी की अधिवक्ता टीम उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी। पार्टी का इरादा शोषित और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़कर खुद को एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में पेश करना है।