हाथरस सड़क हादसा: बस-टेम्पो टक्कर में 4 की मौत, डीएम बोले- नियमों के तहत मिलेगी सहायता
हाथरस में बस और टेम्पो की टक्कर में 4 लोगों की जान गई। डीएम सत्य प्रकाश पटेल ने पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता देने का आश्वासन दिया है।

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। अलीगढ़-एटा हाईवे पर बिलार गांव के पास एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने टेम्पो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में तीन महिलाओं और एक बच्चे समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के समय टेम्पो में सवार परिवार गुरुग्राम से हाथरस के सिकंदरा राव जा रहा था, जहां उन्हें एक शादी समारोह में शामिल होना था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेम्पो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही सिकंदरा राव कोतवाली पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मलबे से शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
डीएम ने जताया दुख, घायलों का इलाज जारी
हादसे के बाद हाथरस के जिलाधिकारी (डीएम) सत्य प्रकाश पटेल ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में चार लोगों की जान गई है और चार अन्य घायल हुए हैं। इनमें से दो की हालत गंभीर है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो अन्य को मामूली चोटें आई हैं।
डीएम ने पुलिस और प्रशासन की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय पुलिस अधिकारियों और एसडीएम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को अकबरबाद सीएचसी पहुंचाया, जिससे कई लोगों की जान बचाई जा सकी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री और सरकार इस घटना से दुखी हैं और प्रभावित परिवारों को सरकारी नियमों के अनुसार उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
प्रशासन ने हाथरस और अलीगढ़ जिला प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं ताकि घायलों को उचित उपचार मिले और पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद की जा सके।