हरदोई: दोस्त ने बनाया था 'मुर्गा', अपमान का बदला लेने के लिए कर दिया कत्ल
हरदोई के संडीला में अपमान का बदला लेने के लिए एक शख्स ने अपने ही साथी की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां महज एक मामूली विवाद और अपमान के चलते एक शख्स ने अपने ही सहकर्मी की जान ले ली। संडीला पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरी वारदात अपमान की आग में जल रहे एक युवक के खौफनाक बदले की कहानी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक सतीश और आरोपी मनोज कुमार दोनों संडीला कस्बे में एक कार वॉशिंग सेंटर पर साथ काम करते थे। दोनों एक ही इलाके के रहने वाले थे, लेकिन घटना से एक रात पहले उनके बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि सतीश ने मनोज के साथ मारपीट की और उसे सबके सामने 'मुर्गा' बनने की सजा दी। मनोज को इस घटना से गहरा मानसिक आघात पहुंचा और उसने इसे अपना सबसे बड़ा अपमान मान लिया।
अपमान का खौफनाक अंत
रात भर अपमान के गुस्से में उबले मनोज ने सतीश को खत्म करने की साजिश रची। अगली सुबह जब सतीश खुले में शौच के लिए जा रहा था, तभी घात लगाए बैठे मनोज ने पीछे से उस पर हमला कर दिया। मनोज ने एक धारदार 'बांका' (हथियार) से सतीश के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। हमला इतना जोरदार था कि सतीश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
24 नवंबर को जब संडीला के नए सब्जी मंडी फ्लाईओवर के पास सतीश का शव मिला, तो इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के भाई प्रेमशंकर की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने जब कड़ियां जोड़ीं, तो शक की सुई मनोज की तरफ घूमी।
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद 26 नवंबर को आरोपी मनोज कुमार को दबोच लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया वह बांका भी बरामद कर लिया है, जिससे सतीश की जान ली गई थी। फिलहाल पुलिस आरोपी को जेल भेजने की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।